महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 90 के दशक में अपनी दहशत के लिए चर्चा में रहा डॉन बाबा फरजान के बंगले पर क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की। पडेगाँव (मिटमिटा) इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने बंगले से करीब 5.5 करोड़ रुपए नकद, 21 लाख रुपए का सोना, 8 लाख रुपए की चाँदी और बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले में वित्तीय लेनदेन, संपत्तियों और दस्तावेजों की जाँच कर रही है।
21 घंटे तक चली कार्रवाई, नोट गिनने के लिए मँगवानी पड़ीं मशीनें
जानकारी के अनुसार, यह छापा शुक्रवार (10 जुलाई 2026) की सुबह करीब 4 बजे शुरू हुआ और लगातार 21 घंटे तक चलता रहा। इस ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच, आर्थिक अपराध शाखा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम शामिल थी।
बंगले की तलाशी के दौरान दो कमरों में भारी मात्रा में नकदी मिली, जिसमें सबसे ज्यादा 500 रुपए के नोट बताए जा रहे हैं। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस को मौके पर ही नोट गिनने के लिए पाँच करेंसी काउंटिंग मशीनें मँगवानी पड़ीं।
पुलिस को तलाशी के दौरान नकदी के अलावा सोने-चाँदी के आभूषण भी मिले। इसके साथ ही चार राइफलें, करीब 500 जिंदा कारतूस, तलवारें और धारदार चाकू जैसे हथियार भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालाँकि पुलिस ने सभी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।
मौत के एक महीने बाद कार्रवाई, संपत्ति और लेनदेन की जाँच तेज
बाबा फरजान 1990 के दशक में छत्रपति संभाजीनगर के सिटी चौक और मिटमिटा इलाके में प्रभावशाली नाम माना जाता था। जमीन के सौदों और बड़े आर्थिक लेनदेन में उसका दबदबा बताया जाता है।
वह कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़ा रहा और एक बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका था। पिछले कुछ सालों में उसका प्रभाव कम हो गया था, लेकिन उसकी संपत्तियों को लेकर चर्चा लगातार होती रही।
बताया जा रहा है कि लंबी बीमारी के कारण करीब एक महीने पहले बाबा फरजान की मौत हो गई थी। उसके मौत के बाद पुलिस ने उसकी संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की जाँच शुरू की।
छापेमारी से पहले गोपनीयता बनाए रखने के लिए उसके दो करीबी कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। उनके संपर्क में रही एक महिला से भी पूछताछ की गई। फिलहाल क्राइम ब्रांच बाबा फरजान के वित्तीय लेनदेन, बैंक रिकॉर्ड, बेनामी संपत्तियों और अन्य दस्तावेजों की जाँच कर रही है।

