दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों के साथ प्रदर्शनकारियों द्वारा बर्बरता किए जाने की घटनाएँ सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें पुलिसकर्मियों को इन प्रदर्शनकारियों द्वारा लाठी-डंडों से पीटा जा रहा है। आज तक की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, मिर्ची स्प्रे फेंका गया, पथराव हुआ और जवानों के साथ मारपीट-लूटपाट तक की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के ACP विजय सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर और उनकी टीम पर मिर्ची स्प्रे किया था। वहीं, एक पुलिसकर्मी को भीड़ ने घेरा और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। यहाँ तक कि जव वह जवान गिर गया तो भी प्रदर्शनकारी उसे चारों तरफ से घेरकर मारते रहे।
एक इंस्पेक्टर नंदकिशोर ने बताया कि प्रदर्शनकारी उन्हें वर्दी में देख उग्र हो गए और उनकी करीब 2 तोले की सोने की चेन छीन ली गई और उनके सिर पर भी चोट लगी। उनका कहना है कि प्रदर्शनकारी लाठी-डंडे लेकर आए थे और पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे थे।
वहीं, प्रदर्शन वाली शाम जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश पथराव में घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि पत्थर सीधे उनके माथे पर लगा था।
हिन्दुस्तान की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत पर भी हमला किया गया था और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वे पथराव में घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने बताया है कि उनके कंधे के साथ-साथ ऊपरी और निचले दोनों अंगों पर कई चोट के निशान थे और सिर के पिछले हिस्से पर सूजन थी। पुलिस ने पत्थरबाजी और हिंसा की घटनाओं को लेकर कई FIR दर्ज की हैं और उपद्रवियों को पकड़ने के लिए जुटी हुई है।
इस बीच ड्यूटी पर जा रहे नंद किशोर सिंह भी हमले का शिकार हो गए, जिसमें उनके सिर पर चोट आई। घटना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, “कल रात मैं ड्यूटी पर जा रहा था। मैंने अपनी बाइक हनुमान मंदिर के पास खड़ी की और आगे बढ़ने लगा। तभी वहाँ सैकड़ों की संख्या में युवक जमा हो गए और पुलिस तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।”
नंद किशोर सिंह ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि प्रदर्शन कर रहे लोग छात्र हैं, इसलिए उन्होंने उन्हें नारेबाजी करने दी। लेकिन कुछ देर बाद जब वह उसी रास्ते से गुजर रहे थे, तभी 100 से अधिक युवक अचानक उनकी ओर आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि किसी तरह अपनी जान बचाकर वह वहाँ से निकलने में सफल रहे।
20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संसद मार्च और विरोध प्रदर्शन के दौरान भारी हिंसा हुई। शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प में 118 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान कई जगहों पर पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएँ भी सामने आईं।

