राजा अंसारी ने बीवी-बेटी को उतारा मौत के घाट, छोटी बेटी जान बचाकर भागी: UP पुलिस ने दबोचा

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके से एक बेहद डरावनी खबर आई है। शुक्रवार रात लोकप्रिय विहार में रहने वाले बिहाप के मूल निवासी राजा अंसारी ने अपनी ही बीवी और 15 साल की बेटी पर चाकू से वार करके उनकी जान ले ली।

इसी हमले में उसकी 14 साल की छोटी बेटी भी घायल हो गई। अंसारी ने छोटी बेटी को भी मारने की कोशिश की लेकिन किसी तरह भागकर वह पड़ोस में पहुँची, तब जाकर लोगों को इस वारदात का पता चला और पुलिस बुलाई गई। आरोपी शौहर राजा अंसारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रात के सन्नाटे में चीख-पुकार

लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में रात करीब 12:15 बजे पुलिस को खबर मिली कि एक घर में मां-बेटी की हत्या हो गई है। खबर मिलते ही खोड़ा थाने की पुलिस टीम और इंदिरापुरम एसीपी सूर्यबली मौर्य तुरंत मौके की ओर रवाना हुए।

शुरुआती पूछताछ में पता चला कि राजा अंसारी अपनी पत्नी तबस्सुम और दो बेटियों सना और रूबी के साथ एक इमारत की चौथी मंजिल पर किराए पर रहता था। परिवार असल में बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है, और राजा दिल्ली में किसी जगह मुनीम का काम करता था।

माँ को बचाने आई बेटी पर भी चला चाकू

पुलिस ने बताया कि रात में राजा ने सबसे पहले पत्नी तबस्सुम पर चाकू से हमला किया। माँ की चीख सुनकर बड़ी बेटी सना दौड़ी-दौड़ी वहाँ पहुँची, ताकि किसी तरह बचाव कर सके। लेकिन अंसारी ने उस पर भी कई बार चाकू से वार किए।

हालत इतनी गंभीर थी कि दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, मगर वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद राजा ने छोटी बेटी रूबी पर भी हमला बोला। रूबी किसी तरह वहाँ से भागने में कामयाब रही, हालाँकि भागते वक्त गिरने से वह भी चोटिल हो गई। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और बताया जा रहा है कि अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

भागा नहीं, घर पर ही मिल गया हत्यारा

हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के बाद भी राजा अंसारी घर से फरार नहीं हुआ। पुलिस जब मौके पर पहुँची तो वह वहीं मिल गया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

माँ-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है, और पुलिस आसपास के लोगों से भी बात कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले परिवार में आखिर क्या हुआ था।

अभी तक साफ नहीं है वजह

पुलिस को शक है कि इसके पीछे घरेलू कलह हो सकती है, लेकिन असली वजह अभी सामने नहीं आई है। उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी से पूछताछ चल रही है और घायल बेटी का इलाज ठीक से चल रहा है, उसकी हालत अभी स्थिर है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।