संजय राउत पर महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का आरोप, शिंदे गुट की सांसद ज्योति वाघमारे ने राष्ट्रीय महिला आयोग में दर्ज कराई शिकायत

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बार शिवसेना (शिंदे गुट) की राज्यसभा सांसद डॉ ज्योति वाघमारे ने शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है।

वाघमारे का आरोप है कि संजय राउत पिछले कई वर्षों से महिला जनप्रतिनिधियों के लिए आपत्तिजनक, अभद्र और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँच रही है।

ज्योति वाघमारे ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग को ईमेल के जरिए आधिकारिक शिकायत भेजी है। उन्होंने अपनी शिकायत की प्रति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की है।

शिकायत में कहा गया है कि पिछले चार वर्षों के दौरान संजय राउत के कई बयान महिलाओं का अपमान करने वाले रहे हैं। उन्होंने आयोग से राउत के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आपराधिक मामला दर्ज कराने की माँग की है।

इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में वाघमारे ने कहा कि दो पुरुषों के बीच राजनीतिक विवाद में महिलाओं का नाम गलत तरीके से लेना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय राउत जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, वह सार्वजनिक जीवन की गरिमा के खिलाफ है।

वाघमारे ने यह भी कहा कि पत्रकारों से अभद्र व्यवहार करना भी गलत है और किसी को भी ऐसा करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह न तो अपना घर संभाल पा रहे हैं और न ही अपनी पार्टी।

वाघमारे ने अपने पत्र में यह भी लिखा कि महाराष्ट्र की राजनीति हमेशा सभ्य और वैचारिक परंपरा के लिए जानी जाती रही है, लेकिन इस तरह की बयानबाजी से राज्य की राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुँच रहा है।