तेलंगाना में महिला तहसीलदार के पास मिली ‌₹20 करोड़ की बेनामी संपत्ति, रिश्वत काँड में पहले से ही है जेल में बंद: ACB की छापेमारी में सोना-हीरा और नकदी बरामद

तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग की एक निलंबित अधिकारी की आय से अधिक संपत्ति का भंडाफोड़ किया है। एसीबी की टीम को जाँच के दौरान अधिकारी के पास से करीब 20 करोड़ रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्तियाँ, नकदी और भारी मात्रा में कीमती जेवरात मिले हैं।

इस मामले में ब्यूरो ने बुधवार (24 जून 2026) को शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार और संयुक्त उप-पंजीयक (जॉइंट सब-रजिस्ट्रार) थुम्माकोम्मा सुचरिता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार्रवाई के अगले ही दिन एसीबी के अधिकारियों ने सुचरिता के हिमायतनगर स्थित आवास और उनके रिश्तेदारों, करीबियों और बेनामियों से जुड़े तीन अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारियों को ऐसी संपत्तियां मिलीं जो उनकी वैध आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक थीं।

जाँच में खुलासा हुआ कि सुचरिता के पास कीसरा और खनामेट में दो भूखंड, शहर के अलग-अलग हिस्सों में तीन आलीशान फ्लैट और सिद्दीपेट जिले के दामराकुंटा गाँव में दो एकड़ और सत्रह गुंटा कृषि भूमि है। इसके अलावा अधिकारियों ने दो कारें, 1.2 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के आभूषण, 12 लाख रुपए नकद और बैंक खातों में जमा 38 लाख रुपये जब्त किए हैं। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार इन संपत्तियों का कागजी मूल्य 5.05 करोड़ रुपए आंका गया है।

हालाँकि अधिकारियों का कहना है कि इन अचल संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत सरकारी मूल्य से काफी ज्यादा है। मामले की जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ एसीबी अधिकारी ने बताया, “हमें तलाशी के दौरान 12 एकड़ और कृषि भूमि के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी फिलहाल गहनता से जांच की जा रही है। अगर इन सभी संपत्तियों के मौजूदा बाजार मूल्य का आकलन किया जाए, तो यह करीब 20 करोड़ रुपए के आसपास होगी। हमारी जाँच अभी जारी है और कुछ अन्य संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।”

आपको बता दें कि सुचरिता पहले से ही एक रिश्वत कांड के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। उन्हें 26 मई को एक आधिकारिक काम के बदले 30 लाख रुपये की रिश्वत माँगने और 2 लाख रुपए की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर भेजा गया था।