मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा। ‘इन्वेस्ट यूपी मेगा रोड शो’ को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश के ‘ट्रिपल एस’ (सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड) मॉडल का मंत्र दिया।
सीएम योगी ने घोषणा की कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पास विशेष रूप से ‘सिंगापुर सिटी‘ विकसित की जाएगी, जिसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे भूमि भी तय कर ली गई है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि यूपी अब केवल संभावनाओं की भूमि नहीं, बल्कि ‘परफॉर्मेंस’ की भूमि बन चुका है और अगले 3-4 वर्षों में प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल कर लेगा।
जेवर के पास ‘सिंगापुर सिटी’ का बड़ा प्रस्ताव
सिंगापुर के निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक अनूठी योजना पेश की। उन्होंने कहा कि जो निवेशक NCR क्षेत्र में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर चाहते हैं, उनके लिए जेवर एयरपोर्ट के पास एक समर्पित ‘सिंगापुर सिटी’ बसाई जाएगी।
इसके लिए सरकार ने पहले ही भूमि की व्यवस्था कर ली है। यहाँ निवेशकों को एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स और वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। योगी ने साफ कहा कि यूपी में निवेश पूरी तरह सुरक्षित है और यहाँ का वातावरण व्यापार के लिए सबसे अनुकूल है।
इंडस्ट्री लीडर्स के लिए यूपी बना ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’
अपने दौरे के दौरान सीएम योगी ने टेमासेक (Temasek), जीआईसी (GIC), और ब्लैकस्टोन जैसी दुनिया की दिग्गज कंपनियों के चेयरमैन और सीईओ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खुशी जताई कि सिंगापुर का हर बड़ा उद्योगपति आज उत्तर प्रदेश को भारत के ‘ग्रोथ इंजन’ और एक ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’ के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी आज टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन (3T) की नई पहचान के साथ वैश्विक मंच पर उभर रहा है।
पोटेंशियल से परफॉर्मेंस तक का सफर
मुख्यमंत्री ने आँकड़ों के जरिए बताया कि कैसे पिछले 9 वर्षों में यूपी की तस्वीर बदली है। प्रदेश की जीएसडीपी (GSDP) 13 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपए होने जा रही है।
यूपी आज ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘टॉप अचीवर’ है और 99% आपराधिक प्रावधानों को खत्म कर निवेशकों का भरोसा जीता है। साथ ही, प्रदेश के पास 75,000 एकड़ का विशाल लैंड बैंक और भारत के कुल एक्सप्रेसवे का 55% हिस्सा मौजूद है, जो कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देता है।
ट्रेंड मैनपॉवर और पारदर्शी व्यवस्था
सीएम योगी ने यूपी की 25 करोड़ आबादी को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि प्रदेश में 56% वर्किंग फोर्स उपलब्ध है। उद्योगों के लिए स्किल्ड मैनपॉवर की कोई कमी नहीं है। निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ‘निवेश मित्र’ और ‘निवेश सारथी’ जैसे पोर्टल के जरिए सिंगल विंडो क्लियरेंस की व्यवस्था दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपी भारत का ‘फूड बास्केट’ है, जहाँ फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं।

