आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र से लव जिहाद का शिकार हुई युवती के सुसाइड करने का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाकर दोस्ती करने और फिर आपत्तिजनक सामग्री के जरिए ब्लैकमेल किए जाने से तंग आकर किशोरी ने अपनी जान दी।
पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उसकी पहचान फैजान के तौर पर हुई है।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की की पहचान फैजान से हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान हुई थी। पीड़ित किशोरी और उसकी सहेली का परीक्षा केंद्र गाँव से काफी दूर था। इसी बीच सहेली के जरिए किशोरी की मुलाकात फैजान से हुई, जिसने शुरू में अपना नाम ‘राहुल’ बताया। राहुल दोनों छात्राओं को अपनी बाइक से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने जाने लगा।
इसी दौरान आरोपित ने किशोरी का फोन नंबर हासिल कर लिया और बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। झांसे में लेकर आरोपित ने किशोरी की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल कर लिए।
कुछ समय बाद किशोरी को पता चला कि खुद को राहुल बताने वाले युवक का असली नाम फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है।
असली पहचान सामने आने और आरोपित की हरकतों से परेशान होकर किशोरी ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की। लेकिन फैजान ने उस पर मिलने, बात करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियाँ देने लगा।
धीरे-धीरे किशोरी में बुरी तरह डर बैठ गया। लगभग एक सप्ताह पहले उसने पूरी आपबीती अपने परिवार को बताई। पिता ने उसे हिम्मत दी और कानूनी कार्रवाई का भरोसा जताया, लेकिन वह गहरे मानसिक तनाव में रही।
2 अगस्त सुबह जब पिता बाजार गए हुए थे, तब खौफजदा किशोरी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। परिजनों को जानकारी मिलते ही उसे तुरंत शमसाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर फैजान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम फिरोजाबाद में उसके सटीक पते का पता लगा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

