साल 1962 में अमेरिका में एक छोटी-सी किताब प्रकाशित हुई थी, जिसका नाम था Warriors of the Rainbow। इसके लेखक William Willoya और Vinson Brown थे। Willoya एक ईसाई प्रचारक थे, जबकि Brown Naturegraph Publishers के मालिक थे। यह किताब किसी प्राचीन अमेरिकी मूल निवासी भविष्यवाणी पर आधारित नहीं थी, बल्कि एक Evangelical Christian Tract थी।
इस किताब में बताया गया था कि जब पृथ्वी संकट में होगी, पेड़ सूखने लगेंगे और नदियां काली पड़ जाएंगी, तब अलग-अलग रंगों के लोग; लाल, सफेद, पीले और काले… एकजुट होकर ‘रेनबो वॉरियर्स’ बनेंगे और धरती को बचाएंगे। इस एकता का अंतिम लक्ष्य ईसाई आध्यात्मिक जागृति से जुड़ा हुआ था।
Michael Niman जैसे बुद्धिजीवी इसे ‘Fakelore’ यानी बनावटी लोककथा कहते हैं। Hopi, Cree और Lakota जैसी जनजातियों की मौखिक परंपराओं में इस भविष्यवाणी का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिलता। इसके बावजूद किताब में इसे प्राचीन भविष्यवाणी के रूप में प्रस्तुत किया गया। कुछ लोगों ने इसे ईमानदारी से माना, जबकि कुछ ने जानबूझकर इसका प्रचार किया।
Greenpeace तक कैसे पहुंचा रेनबो वॉरियर्स का विचार?
1970 के दशक में यह विचार Greenpeace तक पहुंचा। Greenpeace के शुरुआती प्रभावशाली सदस्यों में शामिल Bob Hunter ने इस किताब को पढ़ा और इसे अपने आंदोलन का आध्यात्मिक आधार बना लिया।
‘हम रेनबो वॉरियर्स हैं’ का नारा क्लाइमेट एक्टिविज्म को एक वैश्विक पहचान देने लगा। इसका मूल संदेश था कि हम सब एक हैं। इस तरह पर्यावरण संरक्षण के आंदोलन के साथ एक रहस्यमय और बाइबिल आधारित आध्यात्मिक दावा भी जुड़ गया।
अब पर्यावरण की रक्षा केवल नीतियों या अर्थव्यवस्था का मामला नहीं रह गई थी, बल्कि इसे एक मिशन के रूप में प्रस्तुत किया जाने लगा।
यहीं से एक वैचारिक कड़ी दिखाई देती है, एक ईसाई धार्मिक किताब से वैश्विक पर्यावरणवाद और फिर स्थानीय स्तर के आंदोलनों तक।
गोवा में रेनबो वॉरियर्स की एंट्री
गोवा में वर्ष 2014 के आसपास Abhijit Prabhudesai ने Federation of Rainbow Warriors की शुरुआत की। उन्होंने Civil Society Magazine को दिए एक इंटरव्यू में खुद स्वीकार किया था कि इस नाम को अमेरिकी मूलनिवासियों की एक विचारधारा से लिया गया है।
इस संगठन की जड़ें Goencho Xhetkaranche Ekvott यानी गोवा के किसानों के संगठन में थीं, लेकिन इसकी फ्रेमिंग वैश्विक थी।
Prabhudesai के अनुसार, जीवन का चक्र टूट चुका है और लोगों को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी। ऐसे लोगों को ही रेनबो वॉरियर्स कहा जाएगा।
Prabhudesai और उनकी टीम ने गोवा में कई अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें खनन के खिलाफ लंबे आंदोलन, कोयला परिवहन और डबल ट्रैकिंग का विरोध, Amche Mollem यानी Save Mollem आंदोलन, Coastal Zone Management Plan (CZMP) के खिलाफ अभियान, Tamnar Power Line और राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार जैसी परियोजनाओं का विरोध शामिल था।
इसके अलावा Regional Plan और जमीन के उपयोग में बदलाव से जुड़े नियमों पर भी लगातार आपत्तियां उठाई गईं।
Diana Tavares, Sidharth Karapukar, Jose Coutinho, Lea Gomes और Wilma Dias जैसे नाम इन आंदोलनों में बार-बार सामने आए।

इस समूह ने सरकार के सामने यह मांग रखी कि स्थानीय लोगों की सहमति के बिना विकास परियोजनाएं आगे नहीं बढ़नी चाहिए। ग्राम सभाओं के अधिकारों पर जोर दिया गया। आंदोलनकारियों का तर्क था कि लोगों के फैसले भविष्य को ध्यान में रखकर होते हैं, जबकि सरकारें अक्सर अल्पकालिक मुनाफे को प्राथमिकता देती हैं।
इन आंदोलनों के मुद्दे स्थानीय थे, लेकिन उनके नाम और वैचारिक फ्रेमिंग के पीछे एक बाहरी विचारधारा की छाप दिखाई देती थी।
पर्यावरण आंदोलनों में चर्च से जुड़े चेहरों की भूमिका
गोवा के इन आंदोलनों में चर्च से जुड़े कुछ लोगों की सक्रियता भी सामने आती है।
Father Bolmax Fidelis Pereira इसका एक प्रमुख उदाहरण हैं। वे चिकलिम के पैरिश प्रीस्ट, वनस्पति वैज्ञानिक, शिक्षक और पर्यावरण कार्यकर्ता थे।
उनकी सक्रियता केवल पर्यावरण के किसी एक मुद्दे तक सीमित नहीं थी। करीब पांच महीने पहले वे CJP के प्रचार में भी दिखाई दिए थे और केंद्र सरकार के प्रति अपनी नाराजगी भी जाहिर कर रहे थे। यह वही समय था जब कई एक्टिविस्ट चर्च के साथ मिलकर FCRA बिल के खिलाफ विरोध कर रहे थे।
Father Bolmax Amche Mollem आंदोलन में युवाओं को संगठित करने वाले प्रमुख चेहरों में से एक थे। वे कोयला परिवहन और डबल ट्रैकिंग के खिलाफ अभियानों में भी शामिल रहे। कोविड के दौरान उन्होंने 83 सार्वजनिक जागरूकता बैठकों में भाग लिया था।
उन्होंने Chicalim Youth Farmers Club की शुरुआत की। मैंग्रोव लगाने और कृषि को पुनर्जीवित करने के प्रयास भी उनकी पहचान का हिस्सा बने।
वर्ष 2026 में Section 39A के विरोध में वे Palem-Siridao के ग्रामीणों के साथ Azad Maidan पहुंचे। वहां उन्होंने ‘Enough is Enough’ का नारा दिया। TCP मंत्री Vishwajit Rane के बयानों को शर्मनाक बताया और जमीन के रूपांतरण को गोवा की पारिस्थितिकी के लिए खतरा करार दिया।
मई 2026 में 50 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया। गोवा के पर्यावरण आंदोलनों में उन्हें ‘Eco-Priest’ कहा गया। Goencho Ekvott के Orville Dourado Rodrigues ने उन्हें युवाओं को खड़ा करने वाली प्रेरक शक्ति बताया। Abhijit Prabhudesai ने भी अपने बयानों में उनकी कमी महसूस की।
Fr. Albano Fernandes भी Azad Maidan के प्रदर्शनों में शामिल रहे। हालांकि, संस्थागत रूप से आर्कडायोसीज की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर कुछ पादरियों की सक्रियता स्पष्ट रही।
यहां सवाल उठता है कि गोवा में जमीन, खनन, कोयला और पर्यावरण से जुड़े बड़े आंदोलनों में चर्च से जुड़े कुछ चेहरे बार-बार क्यों दिखाई देते हैं? क्या यह केवल उनकी व्यक्तिगत पर्यावरणीय चिंता है या किसी व्यापक नेटवर्क का हिस्सा?
‘Enough is Enough’ और धारा 39A के खिलाफ संगठित विरोध
गोवा में Section 39A के खिलाफ ‘Enough is Enough’ नाम से एक संगठित अभियान भी सामने आया।
इस अभियान का नेतृत्व इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश Justice Ferdino Rebello ने किया। इसमें Goa Foundation के संस्थापक Claude Alvares और Norma Alvares, प्रवक्ता Devidas Amonkar, Elvis Gomes, Govind Shirodkar और Swapnesh Sherlekar जैसे लोग शामिल थे।
इस समूह ने Section 39A और 17(2) को समाप्त करने की मांग उठाई। इसके लिए दस सूत्रीय चार्टर तैयार किया गया और अलग-अलग ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित करवाए गए।
Palem-Siridao, Tivim, Aldona और Assagao सहित कई गांवों में इस अभियान के तहत प्रस्ताव पारित हुए।
Palem-Siridao में सरपंच Suvarna Kuncolkar और Bharat Shirodkar जैसे हिंदू नाम भी विरोध में शामिल थे। Aldona और Assagao जैसे गांवों में कैथोलिक आबादी महत्वपूर्ण है, जबकि Tivim में हिंदू बहुमत है।
इससे स्पष्ट है कि धारा 39A का विरोध केवल किसी एक धार्मिक समुदाय तक सीमित नहीं था। हालांकि, इस आंदोलन का संगठनात्मक ढांचा और नेतृत्व मुख्य रूप से उन्हीं सिविल सोसाइटी नेटवर्क से आया, जो पहले से गोवा के पर्यावरण आंदोलनों में सक्रिय थे।
Goa Foundation, Rainbow Warriors और Goencho Ekvott जैसे नाम इस पूरी प्रक्रिया में बार-बार एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई दिए।
आखिर Section 39A का असली विवाद क्या है?
Section 39A गोवा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट का एक प्रावधान है। सरकार का दावा है कि यह पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों को स्थायी रूप से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
TCP मंत्री Vishwajit Rane ने इसे एक ऐतिहासिक संरक्षण उपाय बताया है।
दूसरी ओर, विरोध करने वालों का तर्क है कि यह प्रावधान अनियंत्रित विकास को बढ़ावा देता है। इससे बिल्डरों को फायदा पहुंचता है और लोगों की सहमति के बिना जमीन के रूपांतरण का रास्ता खुलता है। उनके अनुसार, इससे गोवा की मूल पहचान खतरे में पड़ सकती है।
दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं। लेकिन जब एक ही तरह के तर्क बार-बार एक ही नेटवर्क से सामने आते हैं, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या यह केवल स्थानीय चिंता है या एक तैयार वैचारिक ढांचा है, जिसे हर नए विकास प्रस्ताव के खिलाफ इस्तेमाल किया जाता है?
गोवा में Cockroach Janta Party की एंट्री
नवंबर 2026 में गोवा की राजनीति में एक नया नाम सामने आया- Cockroach Janta Party यानी CJP।
इसके संस्थापक Abhijeet Dipke हैं, जो महाराष्ट्र के औरंगाबाद से आते हैं और दलित पृष्ठभूमि से हैं। उनके बारे में बताया जाता है कि उन्होंने Boston University से पढ़ाई की है, जिसका कोई प्रमाण अब तक वो देने से बचते रहे हैं। वे पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में काम कर चुके हैं और दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशन एडवाइजर भी रहे हैं।
CJI के एक बयान के संदर्भ में ‘What if all cockroaches come together?’ वाली पोस्ट वायरल हुई और इसके बाद CJP सामने आई।
पार्टी ने ‘Kya Bolti Public’ अभियान शुरू किया और गोवा में अपना पहला बड़ा मुद्दा घोषित किया- Section 39A को खत्म करना।
Dipke का कहना है कि यदि 39A लागू रहा तो गोवा नहीं बचेगा और गोएंकर यानी गोवा के मूल निवासी भी नहीं बचेंगे।
उन्होंने Karapur के प्रोजेक्ट पर सवाल उठाए और बिल्डरों तथा राजनीतिक नेताओं के गठजोड़ का आरोप लगाया। उनका कहना है कि गोवा की पहचान उसके लोगों से है, बिल्डरों से नहीं।
यहां एक अहम सवाल सामने आता है। एक ऐसा व्यक्ति जिसकी राजनीतिक पृष्ठभूमि आम आदमी पार्टी से जुड़ी रही है और जो दिल्ली तथा महाराष्ट्र की राजनीति से संबंध रखता है, वह अचानक गोवा के भूमि कानून को अपने अभियान का सबसे बड़ा मुद्दा क्यों बनाता है?
क्या यह गोवा के युवाओं की स्वतःस्फूर्त आवाज है या पहले से सक्रिय सिविल सोसाइटी नेटवर्क का राजनीतिक विस्तार?
CJP के साथ Saurabh Das और Ashutosh Ranka जैसे लोग भी जुड़े हैं। वे खुद को ‘वॉचडॉग’ बताते हैं और कहते हैं कि उनका उद्देश्य सरकार बदलना नहीं है। हालांकि, पार्टी ने जिस मुद्दे को अपनी प्राथमिकता बनाया, वही मुद्दा पहले से ‘Enough is Enough’ और Rainbow Warriors जैसे संगठन उठा रहे थे।
एक विचार से कई आंदोलनों तक का सफर
अब पूरी कहानी की कड़ियों को जोड़कर देखना जरूरी है। वर्ष 1962 में प्रकाशित ईसाई किताब ‘Warriors of the Rainbow’ से शुरू हुआ विचार Greenpeace के वैश्विक पर्यावरणवाद तक पहुंचा। इसके बाद गोवा में Abhijit Prabhudesai ने Rainbow Warriors के स्थानीय संस्करण को आगे बढ़ाया।
पर्यावरण अभियानों में चर्च से जुड़े कुछ पादरियों, विशेषकर Father Bolmax जैसे चेहरों की सक्रियता दिखाई दी। इसके बाद Goa Foundation और Enough is Enough जैसे सिविल सोसाइटी संगठनों ने Section 39A के खिलाफ संगठित विरोध खड़ा किया।
अब आम आदमी पार्टी की पृष्ठभूमि वाले एक नए राजनीतिक समूह Cockroach Janta Party ने भी उसी मुद्दे को अपना शीर्ष एजेंडा बना लिया है।
यह विचारधारा का एक पूरा नेटवर्क दिखाई देता है। ‘Save the Earth’ का फ्रेम, विकास को लूट के रूप में प्रस्तुत करना और स्थानीय पहचान की रक्षा का दावा करते हुए बाहरी विचारों तथा नए राजनीतिक समूहों को शामिल करना इस नेटवर्क की प्रमुख विशेषताएं हैं।
गोवा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लोग भी इन प्रदर्शनों में शामिल रहे हैं। CJP ने खुद को स्वतंत्र बताया है, लेकिन उसके द्वारा चुना गया मुद्दा पहले से सक्रिय विरोध नेटवर्क से मेल खाता है।
यहां एक दिलचस्प विरोधाभास भी दिखाई देता है। जब कोई स्थानीय हिंदू ग्राम सभा किसी प्रस्ताव को पारित करती है तो उसे जन आवाज कहा जाता है। लेकिन जब बाहरी समूह या नए राजनीतिक चेहरे उसी मुद्दे को उठाते हैं, तो वही आवाज चर्च लॉबी या सिविल सोसाइटी नेटवर्क के संदर्भ में देखी जाने लगती है।
गोवा की जमीन और चर्च से जुड़े पुराने विवाद
गोवा में जब Section 39A को लेकर सरकार पर जमीन लूटने के आरोप लगाए जा रहे हैं, तब यह याद रखना भी जरूरी है कि चर्च और उसके कुछ अधिकारियों पर भी जमीन से जुड़े गंभीर आरोप लग चुके हैं।
हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने Archdiocese of Goa and Daman के दो पूर्व प्रोक्यूरेटर Fr. Arlino De Mello और Fr. Victor Conceicao Rodrigues के खिलाफचार्जशीट दाखिल की है।
ED के अनुसार, Caranzalem में लगभग 2,479 वर्ग मीटर की एक किरायेदारी वाली जमीन पर कथित तौर पर जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके Archdiocese का नाम दर्ज कराया गया था। इसके बाद वर्ष 2007 में यह जमीन Models Real Estate Developers को केवल 61.97 लाख रुपये में बेच दी गई।
बाद में इस जमीन पर बने प्रोजेक्ट को बेचकर कथित तौर पर 27 करोड़ रुपये से अधिक की ‘Proceeds of Crime’ पैदा हुई। ED ने संबंधित संपत्तियों को अटैच भी किया है।
इससे पहले Vanxim द्वीप का मामला भी चर्चा में रहा था। आरोप लगाया गया था कि Archdiocese of Goa ने किरायेदारों वाली जमीन एक रिसॉर्ट डेवलपर को बेच दी। स्थानीय किरायेदारों ने इसका विरोध किया और चर्च-कैपिटलिस्ट गठजोड़ का आरोप लगाया था। हालांकि, चर्च ने इन आरोपों को खारिज किया था।
ये उदाहरण बताते हैं कि गोवा में जमीन से जुड़ी अनियमितताओं के आरोप केवल सरकार या बिल्डरों तक सीमित नहीं रहे हैं। जब Section 39A के विरोध में गोवा की जमीन बचाने का नारा लगाया जा रहा है, तब चर्च से जुड़े इन पुराने मामलों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
गोवा के भविष्य का फैसला कौन करेगा?
CJP का कहना है कि वह गोवा के युवाओं की आवाज सुन रही है। लेकिन गोवा पहुंचकर उसने उसी मुद्दे को अपनी प्राथमिकता बनाया, जिसे पहले से संगठित विरोध समूह उठा रहे थे। यह महज संयोग है या कोई रणनीति?
वर्ष 1962 में प्रकाशित एक किताब से शुरू हुई कहानी आज गोवा के Section 39A तक पहुंच गई है। Rainbow Warriors का नाम गोवा में लिया गया। चर्च से जुड़े कुछ चेहरे पर्यावरण अभियानों में सक्रिय रहे। सिविल सोसाइटी संगठनों ने संगठित विरोध किया और अब एक नए राजनीतिक समूह ने उसी मुद्दे को अपना शीर्ष एजेंडा बना लिया है।
यह गोवा की जमीन की लड़ाई जरूर है, लेकिन यह केवल जमीन की लड़ाई नहीं है। यह विचारों की लड़ाई भी है।
आखिर गोवा का भविष्य कैसा होगा, यह कौन तय करेगा? स्थानीय लोग या वे पुराने नेटवर्क, जो हर नए विकास प्रस्ताव के सामने एक जैसे तर्क लेकर खड़े हो जाते हैं?
गोवा के लोगों को अपना भविष्य खुद तय करना चाहिए। लेकिन ऐसा करने से पहले यह जानना भी जरूरी है कि यह विचार कहां से आया, Rainbow Warriors नाम क्यों चुना गया और यह नेटवर्क किस तरह काम करता है।
रेनबो वॉरियर्स से कॉकरोच तक की यह कहानी इसी वैचारिक यात्रा को सामने रखती है। चेहरे बदलते रहे, लेकिन मुद्दे और विचारों की कड़ियां जुड़ती रहीं।
इस पूरे घटनाक्रम को दूसरे आंदोलनों के संदर्भ में भी देखा जा सकता है। निकोबार में कछुओं को बचाने के नाम पर आंदोलन हुए, विझिंजम पोर्ट के मामले में चर्च की ओर से विरोध के स्वर सामने आए और लक्षद्वीप में मुस्लिम आबादी विरोध के लिए खड़ी हुई।
अब यही पैटर्न गोवा में दोहराया जा रहा है।
- 1962 की ईसाई किताब से गोवा के Save Goa और CJP के धारा Section 39A अभियान तक का सफर
- भारत में साल 2026 में हर रोज कहीं न कहीं टूटा मौसम का कहर: नुकसान का आँकड़ा बड़ा, किसानों के खाते तक राहत धीमी
- गंगा जल संधि 12 दिसंबर को खत्म, बॉंग्लादेश मॉंग रहा पानी की ‘गारंटी’: जानिए मोदी सरकार क्यों नहीं दोहराएगी 1977 वाली गलती
- दिल्ली की हवा के आँकड़ों में इतना झोल क्यों? कहीं 143, कहीं 343 तो कहीं 3000 पार
- मेरिट को कोसने वाला आर्टिकल खुद मशीन से लिखवाया? CJP प्रवक्ता प्रणव धवन का इंडियन एक्सप्रेस वाला कॉलम निकला ‘100% AI जेनरेटेड’


