जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार (13 जुलाई 2026) सुबह अमरनाथ यात्रा के काफिले में शामिल वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें 18 श्रद्धालु घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में किसी श्रद्धालु की मौत की खबर नहीं हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 7.20 बजे पहलगाम मार्ग की ओर जा रहा अमरनाथ यात्रा का काफिला रामबन जिले के चंदरकोट लंगर प्वाइंट से गुजर रहा था। इसी दौरान जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (JKRTC) की दो बसों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बस आगे चल रही कार से जा भिड़ी, जिससे कार आगे खड़ी एक निजी बस से टकरा गई। इस तरह कुल चार वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह एक बस का ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालाँकि पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
दुर्घटना के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुँचे एवं सभी घायलों को जिला अस्पताल रामबन पहुँचाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि सभी घायल पूरी तरह स्थिर हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय जाँच के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
हादसे में घायल 18 लोगों में से 10 की पहचान सामने आई है, जिनमें हर्ष राजपूत (23), विशाल गुप्ता (18), कानपुर के पंकज सुवंकर (23), महाराष्ट्र के सुहास जीवन मोवाडे (29), भरत भूषण (45), विनोद कुमार (51), किरण (48), पवन कुमार (67), राजस्थान के गंगा सिन्हा (41) और सीमा रानी (50) शामिल हैं।
हादसे के कारण जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।

