पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर धारदार हथियारों से हमला, पटना के AIIMS में चल रहा इलाज: 1 हमलावर की पहचान, गोपालगंज SP ने जाँच के लिए बनाई विशेष टीम

बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर रविवार (21 जून 2026) देर रात बिहार के गोपालगंज में जानलेवा हमला हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आपसी विवाद के चलते हमलावरों ने धारदार हथियार से बिजेंद्र नाथ तिवारी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गाँव की है। बिजेंद्र नाथ को गंभीर हालत में मॉडल सदर अस्पताल भर्ती कराया गया। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पटना स्थित AIIMS रेफर कर दिया, जहाँ विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

वही पुलिस ने भी मामले में तुरंत एक्शन लिया। हमलावरों में से एक की पहचान कर ली गई है, जिसको पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। हाई प्रोफाइल केस होने के चलते एसपी ने विशेष टीम का गठन किया है, जिसकी कमान खुद सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार संभाल रहे हैं।