रौशन आनंद के भाई प्रिंस का सिर्फ 20 मिनट में हुआ पोस्टमॉर्टम, पॉइजनिंग-हार्ट अटैक की डिटेल्स नहीं: रिपोर्ट, खान सर पर लगाया था हत्या का आरोप

बिहार के पटना में फैजल खान की कोचिंग पर हुए विवाद और उसके बाद दर्ज FIR से जुड़े प्रिंस की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत अब कई सवाल खड़े कर रही है। प्रिंस के भाई रौशन आनंद का दावा है कि नेपाल में महज 20 मिनट में पोस्टमॉर्टम की पूरी प्रक्रिया खत्म कर दी गई और मौत का कारण तय करने के लिए जरूरी कई बुनियादी जाँच नहीं की गईं।

रिपोर्ट में पॉइजनिंग और कार्डियक अटैक को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष दर्ज नहीं किया गया है। दूसरी तरफ डॉक्टरों ने विसरा जाँच के लिए पूरा हार्ट नेपाल के धरान स्थित लैब भेज दिया और मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि मौत की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और वास्तविक कारण विसरा जाँच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। गौरतलब है कि 13 जून 2026 को नेपाल के एक होटल में प्रिंस का शव मिला था।

अस्पताल के डॉक्टरों का दावा- दबाव में जल्दबाजी में पूरी की गई प्रक्रिया

मामले की पड़ताल के दौरान अस्पताल से जुड़े एक वरिष्ठ डॉक्टर ने दावा किया कि जब प्रिंस को अस्पताल लाया गया तब उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर के अनुसार, शव की स्थिति देखकर शुरुआती तौर पर मामला सामान्य नहीं लग रहा था, लेकिन उस समय मौके पर कोई फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौजूद नहीं था। इसके बाद दूसरे डॉक्टर से पोस्टमॉर्टम कराया गया।

अस्पताल पक्ष का कहना है कि पुलिस और परिजनों दोनों की ओर से जल्दी प्रक्रिया पूरी करने का दबाव था। संदिग्ध मौत के पोस्टमॉर्टम में कपड़ों, शरीर के अंदरूनी अंगों और कई स्तर की जाँच में एक से दो घंटे तक लगते हैं, लेकिन इस मामले में सीमित समय में सिर्फ विसरा सैंपल लेने पर ध्यान दिया गया और पूरी प्रक्रिया करीब 20 मिनट में समाप्त हो गई।

एक्सपर्ट्स ने उठाए सवाल, दोस्तों के बयान भी जाँच के घेरे में

नेपाल के डॉक्टरों, कानूनी जानकारों से बातचीत में यह सवाल सामने आया कि क्या इस मामले में पूरी फॉरेंसिक प्रक्रिया अपनाई गई थी। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के संवेदनशील मामले में केवल सैंपल कलेक्शन पर्याप्त नहीं माना जाता। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में भी दोबारा पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ।

वहीं प्रिंस के साथ मौजूद दोस्तों के बयान और होटल से जुड़े लोगों के बयान में अंतर होने की बात सामने आई है। पुलिस ने प्रिंस के साथ मौजूद चार दोस्तों को पूछताछ के लिए सात दिन की रिमांड पर लिया है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम निष्कर्ष केवल जाँच और विसरा रिपोर्ट के बाद ही निकाला जा सकता है।

प्रिंस की मौत के बाद उसके भाई रौशन आनंद ने इसे हत्या बताते हुए फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोर के मालिक आरएस प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि यह सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। रौशन ने यह भी दावा किया कि मामले को लेकर उन्होंने पटना में केस दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।