बिहार बंद के दौरान राहुल गाँधी की गाड़ी से पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को धक्का देकर हटाया, पटना का Video Viral

पटना में महागठबंधन के बिहार बंद के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और कॉन्ग्रेस नेता कन्हैया कुमार को अपमान का सामना करना पड़ा। इंडी गठबंधन के मार्च में राहुल गाँधी और तेजस्वी यादव एक ओपन वैन पर सवार थे। पप्पू यादव और कन्हैया ने भी वैन पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का देकर रोक दिया। आयकर गोलंबर के पास ट्रक को मंच बनाया गया था, जहाँ राहुल-तेजस्वी के अलावा कॉन्ग्रेस और राजद के कई बड़े नेता मौजूद थे।

पप्पू यादव ने दो बार मंच पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन हर बार सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नीचे उतार दिया। कन्हैया को भी मंच पर जगह नहीं मिली, जिसके बाद दोनों पीछे हट गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस घटना ने महागठबंधन की एकता पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि पप्पू और कन्हैया जैसे नेताओं को नजरअंदाज किया गया। भीड़ और धक्कामुक्की के बीच यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।