अंग्रेजी शिक्षक शाहरुख ने छात्रा से की रेप की कोशिश, गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल में घुसकर पीटा: पुलिस ने POCSO एक्ट में किया गिरफ्तार, राजस्थान के झालावाड़ का मामला

राजस्थान के झालावाड़ जिले में अंग्रेजी शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगा। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल में घुसकर आरोपित की जमकर पिटाई कर दी। मामला सुनेल कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का है।

जानकारी के मुताबिक, यहाँ काम करने वाले अंग्रेजी शिक्षक शाहरुख देर रात एक छात्रा के घर में घुस गया और दुष्कर्म की कोशिश की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपित बाइक से भाग निकला और पीड़िता ने पूरी घटना परिजनों को बताई।

परिजनों से मामला ग्रामीणों तक पहुँचा तो वे गुस्से में स्कूल पहुँच गए और शिक्षक को लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान उसका वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें ग्रामीण उसे गंजा करने की धमकी दे रहे थे।

सूचना पर सुनेल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपित शाहरुख को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोपित शिक्षक मूल रूप से सवाई माधोपुर का रहने वाला है और फिलहाल प्रोबेशन पीरियड पर नियुक्त था। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है और पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।