पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सॉल्ट लेक स्टेडियम में अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया’ के दौरान शनिवार (13 दिसंबर 2025) को भगदड़ मच गई। मेसी के कार्यक्रम शुरू होने के महज 22 मिनट में स्टेडियम छोड़कर चले जाने से हजारों की संख्या में मौजूद प्रशंसक भड़क उठे।
गुस्साए दर्शकों ने स्टेडियम परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, कुर्सियाँ तोड़ी गईं और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे आयोजन पूरी तरह अराजकता में बदल गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजन के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया।
रविवार (14 दिसंबर 2025) को सताद्रु दत्ता को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई और कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
पुलिस का कहना है कि आयोजकों की लापरवाही, सुरक्षा इंतजामों की कमी और दर्शकों को सही जानकारी न देने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। मामले की विस्तृत जाँच जारी है और प्रशासन ने भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए कड़े नियम लागू करने के संकेत दिए हैं।
मेसी के कार्यकर्म में बवाल के बाद आयोजक की गिरफ्तारी
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में शनिवार (13 दिसंबर 2025) को अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था फैल गई। ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शक पहुँचे थे, जिन्होंने 4,800 रुपए से लेकर 25,000 रुपए तक के टिकट खरीदे थे।
हालाँकि, मेसी के स्टेडियम में पहुँचने के महज 22 मिनट बाद ही कार्यक्रम अधूरा छोड़कर चले जाने से दर्शक भड़क गए और हालात बेकाबू हो गए। स्थिति बिगड़ते ही कुछ दर्शकों ने स्टेडियम में तोड़फोड़ शुरू कर दी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया।
घटना के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को पहले हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने कहा कि मामले की जाँच शुरू कर दी गई है और आयोजकों ने निराश दर्शकों को टिकट के पैसे लौटाने की बात कही है।
कौन हैं सताद्रु दत्ता?
सताद्रु दत्ता पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिशरा के रहने वाले हैं। वे एक जाने-माने स्पोर्ट्स प्रमोटर और परोपकारी के रूप में खुद को प्रस्तुत करते रहे हैं। उन्होंने ‘ए सताद्रु दत्ता इनिशिएटिव’ नाम से एक संस्था बनाई है, जो खेल आयोजन, सेलेब्रिटी मैनेजमेंट और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी बताई जाती है।
अपने करियर की शुरुआत में फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट सेक्टर से की थी, बाद में वे स्पोर्ट्स इवेंट मैनेजमेंट में आ गए। दत्ता का दावा रहा है कि वे पहले भी पेले, डिएगो माराडोना, काफू और एमिलियानो मार्टिनेज जैसे चर्चित फुटबॉल खिलाड़ियों को भारत ला चुके हैं। हालाँकि सताद्रु कुछ पुराने आयोजनों पर भी अव्यवस्था और अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। अब मेसी कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था के बाद सताद्रु दत्ता और उसकी संस्था जाँच के घेरे में हैं।

