ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने आरोप लगाया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे उसके दो तेल टैंकरों पर ईरान ने क्रूज़ मिसाइलों से हमला किया, जिसमें एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए।
UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय टैंकर मोंबासा और अल बहियाह ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिणी शिपिंग मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उन पर दो ईरानी क्रूज मिसाइलें दागी गईं। हमले में मोंबासा पर तैनात एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत हो गई। इसके अलावा 8 लोग घायल हुए, जिनमें 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।
The Ministry of Defence announces that the national tankers Mombasa and Al Bahiyah were targeted by two Iranian cruise missiles while transiting the southern shipping lane of the Strait of Hormuz, within Omani territorial waters.
— وزارة الدفاع |MOD UAE (@modgovae) July 13, 2026
The attack resulted in the death of one Indian… pic.twitter.com/i1HrXY0fKP
घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों जहाजों में आग लग गई थी, हालाँकि बाद में उस पर काबू पा लिया गया। दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल और LNG की आपूर्ति इसी जलमार्ग से होती है, इसलिए बढ़ते तनाव से वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर एक बार फिर व्यापक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
UAE की कड़ी प्रतिक्रिया, ईरान ने अमेरिका को बताया निशाना
UAE ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि उसे अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार है। वहीं ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB ने दावा किया कि उसकी नौसेना ने एक ‘अमेरिकी दुश्मन के शत्रुतापूर्ण पोत’ को निशाना बनाया था।
ईरान ने यह भी कहा कि उसने कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और पैट्रियट मिसाइल प्रणाली को ड्रोन से निशाना बनाया है। UAE के विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत सरकार और मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकाबंदी फिर लागू करने की घोषणा की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा अपने नियंत्रण में लेकर वहाँ से गुजरने वाले माल पर 20 प्रतिशत शुल्क वसूलेगा। दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।

