तेजस क्रैश में बलिदान विंग कमांडर नमांश स्याल का कांगड़ा में हुआ अंतिम संस्कार, पायलट पत्नी ने वर्दी में किया सेल्यूट: भावुक पिता बोले- यह क्षति देश की भी और मेरी भी

दुबई एयर शो में फाइटर जेट तेजस क्रैश में जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल का रविवार (23 नवंबर 2025) को हिमाचल प्रदेश में उनके पैतृक गाँव में अंतिम संस्कार हुआ। बलिदानी नमांश स्याल को चचेरे भाई निशांत ने मुखाग्नि दी। इस दौरान बलिदानी की पायलट पत्नी अफशान ने यूनिफॉर्म में अंतिम सेल्यूट दिया।

शुक्रवार (21 नवंबर 2025) को तेजस क्रैश में जान गंवाने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर रविवार दोपहर को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में उनके पैतृक गाँव पटियालकर पहुँचा। यहाँ हजारों लोग बलिदानी नमांश स्याल को अंतिम विदाई देने पहुँचे।

बलिदानी नमांश स्याल के पिता जगन नाथ स्याल ने कहा, “मैंने एक बेटा खोया है और देश ने एक होनहार पायलट खोया है क्षति देश की भी हुई और मेरी भी। इसीलिए जरूरी है कि मैं खुद को संभालूं और उसकी पत्नी को भी, जो खुद एयरफोर्स में अफसर है।”

आखिरी बातचीत को याद करते हुए पिता जगन नाथ स्याल ने कहा, “मैंने पूछा था- बेटा, शो हो रहा है? उसकी कोई पोटो वगैरह? तो उसने कहा कि यूट्यूब पर आ रहा है, आप देख लो। मैंने यूट्यूब खोला और वहाँ ये हाल था।”