जिन 29 नक्सलियों के सिर था ₹55 लाख का इनाम, उन सबने छत्तीसगढ़ में किया आत्मसमर्पण: 2020 से अब तक 1000+ का सरेंडर, 2025 में 148 ने हथियार छोड़े

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में बुधवार (20 अगस्त 2025) को 29 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया। इन नक्सलियों पर कुल ₹55.50 लाख का इनाम था।

जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा में 21 और नारायणपुर में 8 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए। उन्होंने नक्सली विचारधारा से मोहभंग होने और पुनर्वास योजना ‘लोन वर्राटू’ से प्रेरित होने की बात कही। दंतेवाड़ा के कई नक्सली उच्च पदों पर थे। इनमें केय उर्फ केशा लेकाम भी शामिल था, जिसके सिर पर ₹8 लाख का इनाम था। जून 2020 से अब तक दंतेवाड़ा में 1,042 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

नारायणपुर में आत्मसमर्पण करने वालों में दो महिलाएँ भी थीं। उनके नाम सुखलाल जुर्री, हुर्रा, राजू पोडियाम, मनीराम कोर्राम, सुक्कू फरसा, रामू राम, कमला गोटा और दीपा पुनेम बताए गए। सभी आत्मसमर्पण करने वालों को 50-50 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी गई है। राज्य सरकार उनकी पुनर्वास नीति के तहत मदद करेगी।

इस साल 2025 नारायणपुर में अब तक 148 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है।