केरल में युवा कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष और विधायक राहुल ममकूटाथिल ने इस्तीफा दे दिया है। पलक्कड़ से कॉन्ग्रेस विधायक राहुल पर आरोप लगे थे कि वो महिलाओं-युवतियों को अश्लील मैसेज भेजकर होटल में बुलाते थे।
लेखिका हनी भास्करन ने बाकायदा नाम लेकर राहुल ममकूटाथिल पर आरोप लगाए, जबकि ऐसे ही आरोप मलयालम एक्ट्रेस रिनी एन जॉर्ज ने भी लगाए थे। हालाँकि उन्होंने राहुल का नाम लेने की जगह नेता और विधायक जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। रिनी ने दावा किया था कि उन्हें कई बार आपत्तिजनक मैसेज भेजे और एक होटल में मिलने के लिए बुलाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, जब रिनी ने पार्टी नेतृत्व से शिकायत की धमकी दी, तो राहुल ने उन्हें ‘देख लेने’ की बात कही। रिनी ने सार्वजनिक रूप से यह भी कहा कि कई राजनेताओं की पत्नियाँ और बेटियाँ ऐसी हरकतों का शिकार हुई हैं। दूसरी ओर, लेखिका हनी भास्करन ने फेसबुक पर लिखा कि राहुल ने उन्हें लगातार सोशल मीडिया पर मैसेज भेजे और उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कही।
कॉन्ग्रेस नेता वी.डी. सतीसन ने कहा कि पार्टी मामले की गहन जाँच करेगी। उधर, भाजपा ने राहुल के खिलाफ पलक्कड़ में उनके कार्यालय तक मार्च निकाला और इस्तीफे की माँग की थी। इसके बाद राहुल ने इस्तीफा दे दिया।

