रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार (25 सितंबर 2025) को हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) से 97 तेजस Mk-1A लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए ₹62,370 करोड़ की डील साइन की है। यह अब तक की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है जिसमें देश में बने फाइटर जेट्स खरीदे जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इस सौदे में 68 सिंगल-सीट फाइटर जेट और 29 ट्विन-सीट ट्रेनर विमान शामिल हैं। इन विमानों की डिलीवरी 2027-28 से शुरू होकर अगले छह साल में पूरी हो जाएगी। ये विमान ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देंगे, क्योंकि इनमें 64% से ज्यादा स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा।
यह खरीद ऐसे समय में हुई है, जब वायुसेना अपने पुराने मिग-21 बेड़े को धीरे-धीरे हटा रही है। इन नए तेजस विमानों से वायुसेना की ताकत और बढ़ेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 105 भारतीय कंपनियाँ जुड़ेंगी और हर साल 11,750 से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। इसके अलावा, तेजस के लिए जनरल इलेक्ट्रिक से 113 F-404 इंजन खरीदने का सौदा भी तय हो गया है, जिसकी जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

