‘बांग्लादेश में नहीं होते हिंदुओं पर हमले, सब फर्जी खबरें’: मोहम्मद युनुस ने फिर नकारी अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की बात, कहा- भारत फैलाता है फेक न्यूज

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस खुद को बचाने के लिए भारत पर झूठे आरोपों की पुलिया बाँध रहे हैं। मोहम्मद युनुस अपने ही मुल्क में हिंदुओं और मंदिरों पर होने वाले हमलों की खबरों को नकार रहे हैं। मोहम्मद युनुस कह रहे हैं कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर कोई हमला नहीं हुआ है। इसके अलावा, मोहम्मद युनुस उल्टा भारत पर ही इल्जाम लगा रहे हैं। उनका दावा है कि ये सारी खबरें भारत की मीडिया ने फैलाई हैं और ये सब फर्जी खबरें हैं।

ट्रंप की चिंता को भी नकारा

मोहम्मद युनुस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चिंता को भी खारिज कर दिया। ट्रंप ने बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे व्यवहार को ‘बर्बर‘ बताया था। युनुस ने कहा कि ट्रंप को बांग्लादेश की असली स्थिति की जानकारी नहीं है।

जब पत्रकार ने युनुस से नवंबर में हुए 30,000 हिंदुओं पर हिंसा और ट्रंप के बयान के बारे में पूछा, तो युनुस ने कहा कि ये बातें पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद हैं। मोहम्मद युनुस ने फिर दोहराया कि बांग्लादेश में हिंदू विरोधी हिंसा जैसी कोई बात नहीं है, बल्कि भारत से फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं।

हमलों के बावजूद चुप्पी

पिछले साल 2024 अगस्त में जब बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना की सरकार गिरी और मोहम्मद युनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी, तब से लगातार हिंदुओं पर हमलों की खबरें आ रही हैं। भारत, अमेरिका और अन्य देशों ने इस पर चिंता भी जताई थी। लेकिन मोहम्मद युनुस ने पहले की तरह इस बार भी इन घटनाओं से किनारा कर लिया है और इन्हें पूरी तरह फर्जी बता दिया है।

चुनाव और सत्ता पर बयान

चुनाव के सवालों पर मोहम्मद युनुस ने कहा कि कुछ लोग जल्दी चुनाव चाहते हैं। वहीं, कुछ लोग मानते हैं कि पहले देश में स्थिरता और साफ-सुथरा शासन होना जरूरी है। युनुस ने कहा कि कई लोग (इस्लामिक कट्टरपंथी) उन्हें 5 साल, 10 साल या उससे भी ज्यादा समय तक सत्ता में देखना चाहते हैं। उनका मानना है कि ऐसा होने से देश भ्रष्टाचार और अस्थिरता के दौर में जाने से बच जाएगा। उन्होंने 18 महीने की अंतरिम सरकार की समय-सीमा को सही बताया और कहा कि यह मुल्क को स्थिरता देगी।