‘अपनी Nude फोटो भेजना’: अक्षय कुमार की 13 साल की बेटी को वीडियो गेम खेलते वक्त आया गंदा मैसेज; एक्टर ने महाराष्ट्र सरकार से कहा- स्कूलों में शुरू हो ‘साइबर पीरियड’

अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में एक कार्यक्रम में अपनी बेटी नितारा से जुड़ी एक घटना साझा की, जिससे यह साफ होता है कि साइबर क्राइम किस हद तक बढ़ चुका है और बच्चे भी इसके शिकार हो सकते हैं।

मुंबई स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में साइबर जागरूकता माह 2025 के उद्घाटन समारोह के दौरान अक्षय ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी 13 साल की बेटी नितारा वीडियो गेम खेल रही थी। यह ऐसा गेम था, जिसमें अजनबियों के साथ ऑनलाइन खेला जाता है।

खेल के दौरान किसी अजनबी से एक मैसेज आया, ‘आप पुरुष हैं या महिला?’ नितारा ने जवाब दिया, ‘महिला’। इसके बाद अगला मैसेज आया, ‘क्या आप मुझे अपनी न्यूड तस्वीर भेज सकती हैं?’ यह देखकर नितारा घबरा गई और उसने तुरंत गेम बंद कर दिया। फिर जाकर अपनी माँ को यह बात बताई। अक्षय ने कहा कि यहीं से साइबर क्राइम की शुरुआत होती है।

अक्षय कुमार ने इस घटना को उदाहरण बनाकर महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री से एक अहम माँग की। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूँ कि सातवीं से दसवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए हर हफ्ते ‘साइबर पीरियड’ होना चाहिए, जिसमें बच्चों को साइबर क्राइम के बारे में समझाया जाए।”

उन्होंने आगे कहा कि आज साइबर अपराध सड़क पर होने वाले अपराधों से भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है। ऐसे में बच्चों को जागरूक करना बेहद जरूरी है ताकि वे सुरक्षित रह सकें।