बिहार में चुनावी माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी बीच शनिवार (4 अक्टूबर 2025) को पटना में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, सैकड़ों RJD कार्यकर्ता मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक सतीश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैकड़ों लोग अचानक लालू-राबड़ी के घर पहुँच गए और जोर-जोर से नारे लगाने लगे। उनका आरोप था कि विधायक सतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास पर ध्यान नहीं दिया और जनता की समस्याओं की अनदेखी की। प्रदर्शनकारियों ने पार्टी से यह माँग की कि आगामी विधानसभा चुनाव में सतीश कुमार को दोबारा टिकट न दिया जाए।
भीड़ ने ‘चोर विधायक नहीं चाहिए’ और ‘सतीश कुमार को हराना है’ जैसे नारे लगाए। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से आवास परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को बाहर करने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद राबड़ी देवी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें समझाया।
लोगों का कहना था कि अगर पार्टी ने मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र में सतीश कुमार को फिर से टिकट दिया, तो जनता इसका विरोध करेगी। लोगों का कहना है कि टिकट किसी ऐसे उम्मीदवार को दिया जाए जो क्षेत्र के विकास और जनता की भलाई के लिए काम करे।
इस घटना ने RJD नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ा दी हैं क्योंकि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और टिकट वितरण को लेकर पार्टी के अंदर पहले से ही असंतोष की आवाजें उठ रही हैं। बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर के बीच विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

