अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गाजा संघर्ष के अंत की उम्मीद जगाने वाले दावे के बावजूद, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अत्यंत सख्त लहजे में हमास के खिलाफ अपने दृढ़ इरादों को स्पष्ट कर दिया है। नेतन्याहू ने साफ चेतावनी दी है कि हमास को अपनी सैन्य शक्ति खोनी ही होगी- चाहे वह कूटनीति से हो या फिर ताबड़तोड़ सैन्य कार्रवाई से।
नेतन्याहू की दो टूक चेतावनी
प्रधानमंत्री नेतन्याहू का बयान एक ऐसे मोड़ पर आया है जब हमास ने ट्रंप की शांति योजना के कुछ हिस्सों को सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया है, लेकिन हथियार छोड़ने से इनकार कर दिया है। नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि हमास को निहत्था किया जाएगा और यह प्रक्रिया ‘आसान हो या कठिन,’ उसे ‘निपटा दिया जाएगा।’
नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि इजरायल गाजा से पूरी तरह सैन्य वापसी नहीं करेगा। इजरायली सेना (IDF) उन सभी इलाकों पर नियंत्रण बनाए रखेगी जिन पर वह वर्तमान में तैनात है। यह ट्रंप के दावे कि इजरायल ने ‘प्रारंभिक वापसी रेखा’ तय कर ली है के बीच इजरायली संप्रभुता पर अडिग रहने का सीधा संकेत है।
नेतन्याहू का यह रुख युद्ध खत्म होने की किसी भी संभावना के बीच इजरायल की सबसे बड़ी माँग ‘हमास को एक सैन्य शक्ति के रूप में समाप्त करना’ पर कोई समझौता न करने का कड़ा संदेश देता है।
ट्रंप का दावा और अंतरराष्ट्रीय दबाव
नेतन्याहू का यह तीखा बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के ठीक बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि इजरायल ने गाजा से सेना की एक ‘प्रारंभिक वापसी रेखा’ तय कर ली है और अब केवल हमास की पुष्टि का इंतजार है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि हमास की पुष्टि होते ही ‘युद्धविराम तुरंत लागू होगा‘ और बंधकों तथा कैदियों का आदान-प्रदान शुरू हो जाएगा। ट्रंप ने इसे ‘3000 साल पुरानी त्रासदी को खत्म करने की दिशा में बड़ा मोड़’ बताया।

इन विरोधी बयानों के बीच, सोमवार (6 अक्टूबर 2025) से मिस्र में इजरायल और हमास के प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण वार्ता शुरू होने वाली है, जहां युद्धविराम और गाजा के भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
ट्रंप की योजना को कतर, तुर्की, सऊदी अरब, मिस्र और जॉर्डन सहित कई अरब देशों का समर्थन मिला है, जो इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय दबाव बना रहा है।
नेतन्याहू का सख्त बयान स्पष्ट करता है कि इजरायल किसी भी शांति समझौते में तभी आगे बढ़ेगा जब वह गाजा पर सुरक्षा नियंत्रण बनाए रखेगा और हमास को अनिवार्य रूप से निहत्था किया जाएगा, भले ही इसके लिए सैन्य बल का उपयोग करना पड़े।
20-सूत्री गाजा प्लान क्या है?
ट्रंप की योजना में तत्काल युद्धविराम, बंधकों के बदले कैदियों की रिहाई, इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी, और गाजा में अंतरराष्ट्रीय निगरानी में नई सरकार की स्थापना जैसे अहम बिंदु शामिल हैं।

