अच्छी पढ़ाई के लिए भेजा था ओडिशा से बंगाल, बेटी का हो गया बलात्कार: मेडिकल छात्रा अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की जाँच

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में ओडिशा की एक मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। पुलिस ने शनिवार (11 अक्टूबर 2025) को इस मामले की जानकारी दी। छात्रा के परिवार के अनुसार यह घटना शुक्रवार (10 अक्टूबर 2025) की रात दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेकेंड ईयर की यह छात्रा अपने एक मित्र के साथ डिनर के लिए कॉलेज परिसर से बाहर गई थी। उसी दौरान अज्ञात लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने बताया कि छात्रा का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है और परिवार की शिकायत के आधार पर जाँच शुरू कर दी गई है।

छात्रा के माता-पिता ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी उनकी बेटी के दोस्तों के फोन से हुई। छात्रा की माँ ने कहा कि यह घटना करीब रात 10 बजे हुई। पिता ने कहा कि उन्होंने सुना था कि कॉलेज में पढ़ाई अच्छी होती है, इसलिए उन्होंने अपनी बेटी को मेडिकल की पढ़ाई के लिए वहाँ भेजा था।

पश्चिम बंगाल में लगातार छात्राओं के साथ रेप की घटनाएँ सामने आ रही हैं। इससे पहले जूनियर महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या का मामला पूरे देश को झकझोर चुका है। इसके बाद एक लॉ कॉलेज की छात्रा के साथ भी रेप की घटना हुई थी। अब एक बार फिर पश्चिम बंगाल में ऐसी निंदनीय घटना सामने आई है।