‘पीएम मोदी आप महान हैं’: अमेरिका के नए राजदूत ने भारत के प्रधानमंत्री से मुलाकात की, ट्रंप की भेजी खास तस्वीर दी भेंट

अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और महत्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा के लिए नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की साइन की हुई तस्वीर भेंट की। इस पर राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को ‘एक महान मित्र’ बताया।

पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा कि गोर के कार्यकाल में भारत-अमेरिका के रिश्तों में और मजबूती आएगी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि अमेरिकी राजदूत श्री सर्जियों गोर का भारत में स्वागत कर बहुत खुशी हुई।

मुलाकात के बाद राजदूत गोर ने पत्रकारों से कहा, “आज यहाँ होना सम्मान और सौभाग्य की बात है। हमने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक अच्छी बैठक समाप्त की है, जहाँ हमने रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। हमने महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर चर्चा की। अमेरिका भारत के साथ अपने संबंधों को महत्व देता है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में, मैं दोनों देशों के भविष्य को लेकर आशावादी हूँ।”

सर्जियो गोर ने इससे पहले विदेश मंत्री जयशकंर और विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ट्रंप ने गोर को भारत में राजदूत बनाने का फैसला लेने में 7 महीने लगाए। गोर भारत में अमेरिका फर्स्ट एजेंड को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। गोर ट्रंप के विश्वसनीय माने जाते हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के लिए फंड जुटाए थे।