मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित नंदलालपुरा इलाके में बुधवार (15 अक्टूबर 2025) की शाम किन्नर समाज के बीच बड़ा हंगामा हो गया। यहाँ 24 किन्नरों ने एक साथ फिनायल पी लिया जबकि चार किन्नरों ने एमवाय अस्पताल के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की।
हालाँकि, पुलिस ने समय रहते सभी को रोक लिया और बोतलें छीन लीं। फिनायल पीने वाले सभी किन्नरों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, सबकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। किन्नरों का आरोप है कि किन्नर सपना हाजी,उसके प्रेमी राजा हासमी,साथी विजय, वकील, पंकज, अक्षय से उन्हें लगातार धमकी मिल रही है। इसी वजह से डर में आकर उन्होंने ये कदम उठाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडिशनल DCP क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जाँच में फिनायल पीने की बात सामने आई है लेकिन किन कारणों से ऐसा कदम उठाया गया, यह साफ नहीं हो पाया है। CMHO को सभी मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल ने बताया कि किन्नर समाज के डेरे में झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर हालात को संभाला। अब सभी के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किन्नरों में गादी और संपत्ति को लेकर पुराना विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, किन्नरों के दो गुटों पायल गुरु और सपना हाजी के बीच गादी (गद्दी) और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद को सुलझाने के लिए कुछ महीने पहले पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने SIT बनाई थी, लेकिन तीन महीने बाद भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। जाँच की जिम्मेदारी पहले DCP ऋषिकेश मीणा के पास थी लेकिन उनके ट्रांसफर के बाद मामला ठंडा पड़ गया।
किन्नरों ने रेप का लगाया था आरोप
हाल ही में दोनों गुटों में फिर कहासुनी हुई थी और अन्नपूर्णा थाने का घेराव भी किया गया था। इसके अलावा नंदलालपुरा क्षेत्र की एक किन्नर ने दो मीडियाकर्मियों पंकज जैन और अक्षय कुमायूँ पर रेप और धमकी का आरोप लगाया है।
किन्नरों ने आरोप लगाया कि मई 2025 में उनके डेरे के गुरु के खिलाफ एक केस हुआ था। इसी मामले को लेकर जून 2025 में दो पत्रकार पंकज जैन और अक्षय उसके डेरे पर आए थे। आरोप है कि दोनों ने पहले धमकी दी थी और इसके बाद दुष्कर्म किया।
मामले का कोई समाधान निकलता हुआ नहीं दिखा तो किन्नरों ने आत्मदाह का फैसला लिया। वहीं किन्नरों की बिगड़ती हालत देख साथी किन्नर प्रदर्शन करने उतर गए। वे जवाहर मार्ग पर सड़क पर लेट गए और जाम लगा दिया। सब ने सपना हाजी के खिलाफ नारेबाजी भी की।

