कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ को एक बार फिर अपराधियों ने निशाना बनाया है। बीते चार महीनों में यह तीसरी बार है जब ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे इलाके में स्थित इस कैफे पर गोलीबारी की गई। इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने कैफे पर लगभग आधा दर्जन गोलियाँ चलाईं, जिससे एक खिड़की चकनाचूर हो गई। हालाँकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे बरामद कर जाँच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू ने घटना की जिम्मेदारी ली। वीडियो में दोनों ने कहा है, “हम, गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू, कपिल शर्मा के कैप्स कैफे में हुई तीनों गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते हैं। आम जनता से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है।”
गैंगस्टरों ने कहा कि जिन लोगों से हमारा झगड़ा है, वे हमसे दूर रहें और जो लोग गैर-कानूनी काम करते हैं और लोगों को पैसे नहीं देते, वे भी तैयार रहें।

