इंजीनियरिंग कॉलेज में जूनियर ने छात्रा को मेन्स वॉशरूम में खींचकर किया रेप, मेसेज कर बोला- ‘अबॉर्शन पिल तो नहीं चाहिए’: बेंगलुरू पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेंगलुरु के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में 21 साल की छात्रा से रेप का मामला सामने आया है। यह घटना दक्षिण बेंगलुरु स्थित कॉलेज के मेन्स वॉशरूम में हुई, जहाँ छात्रा के जूनियर छात्र ने कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित जीवन गौड़ा को बुधवार (15 अक्टूबर 2025) को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 10 अक्टूबर 2025 को हुई थी, लेकिन छात्रा ने 15 अक्टूबर 2025 को हनुमंतनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (रेप की सजा) के तहत दर्ज किया गया है।

FIR के अनुसार, पीड़िता और आरोपित पहले एक-दूसरे को जानते थे। वे सहपाठी थे, लेकिन बैकलॉग के कारण आरोपित एक सेमेस्टर पीछे रह गया था। घटना वाले दिन छात्रा कुछ सामान लेने के लिए गौड़ा से मिलने गई थी।

लंच ब्रेक के दौरान गौड़ा ने उसे बार-बार कॉल कर आर्किटेक्चर ब्लॉक की सातवीं मंजिल पर बुलाया। जब वह वहाँ पहुँची, तो आरोपित ने जबरन किस करने की कोशिश की।

छात्रा ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की और लिफ्ट की ओर भागी, लेकिन गौड़ा छठी मंजिल तक उसका पीछा करते हुए उसे पुरुषों के वॉशरूम में घसीट ले गया और दरवाजा बंद कर लिया।

इस दौरान छात्रा का फोन बजा तो आरोपित ने वह भी छीन लिया। दुष्कर्म के बाद आरोपित ने छात्रा को कॉल कर पूछा कि क्या उसे ‘पिल’ की जरूरत है? पहले डर के कारण छात्रा ने शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में उसने यह बात अपने माता-पिता को बताई, जो उसे लेकर थाने पहुँचे।

पुलिस ने अगले दिन क्राइम सीन रीक्रिएशन किया। जाँच में पता चला कि जिस मंजिल पर यह घटना हुई, वहाँ सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, जिससे सबूत जुटाने में दिक्कत हो रही है। हालाँकि फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों की जाँच जारी है।