केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (17 अक्टूबर 2025) को बिहार के सारण जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र के मंझोपुर गाँव में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से निर्भीक होकर 6 नवंबर 2025 को मतदान करने की अपील की और कहा कि तरैया से एनडीए प्रत्याशी जनक सिंह, अमनौर से कृष्ण कुमार मंटू सिंह समेत सारण की सभी 10 सीटों पर एनडीए को जीत दिलाना जरूरी है, ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथ और मजबूत हों।
अमित शाह ने कहा कि बिहार में विकास की लहर चल रही है और यह तभी जारी रहेगी जब NDA सरकार दोबारा पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सारण की किसी भी सीट पर महागठबंधन को मौका मिला, तो विकास की रफ्तार थम जाएगी।
सभा में उन्होंने जनता से पूछा, “बिहार में विकास चाहिए या जंगलराज?”, जिस पर भीड़ ने एक साथ जवाब दिया – ‘विकास।’ शाह ने कहा, “यह साफ दिखाता है कि जनता अब लालू-राज नहीं चाहती।”
उन्होंने महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा, “लालू और राहुल की जोड़ी कभी भी बिहार को विकास की राह पर नहीं ले जा सकती।” शाह ने दावा किया कि NDA सरकार ने बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं।
उन्होंने कहा, “मोदी और नीतीश कुमार बिहार में जंगलराज को किसी भी कीमत पर लौटने नहीं देंगे।” सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और उनके भाषण के दौरान भीड़ ने ‘फिर एक बार, NDA सरकार’ के नारे लगाए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
url – amit shah bjp nda rally saran taraiya bihar election 2025 break 20year record bihar

