दीपोत्सव पर रामनगरी रचेगी इतिहास, अयोध्या के सरयू घाट पर 2100 आर्चक एक साथ करेंगे आरती: गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में होगा दर्ज

अयोध्या इस दीपोत्सव पर एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने जा रही है। सरयू घाट पर 2100 आर्चक एक साथ दीप जलाकर सामूहिक आरती करेंगे, जिसका लक्ष्य विश्व रिकॉर्ड बनाना है।

शनिवार को रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। सरयू घाट पर 2100 आर्चक एक साथ दीप प्रज्वलित कर आरती करेंगे। इस आयोजन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम शुक्रवार (17 अक्तूबर 2025) को अयोध्या पहुँची और पूरे कार्यक्रम का निरीक्षण किया। टीम ने सभी आर्चकों को रिकॉर्ड के मानकों के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया, जिसमें एक समान वेशभूषा, समन्वित लय और आरती की एकरूपता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

आयोजन की अगुवाई निश्चल बारोट कर रहे हैं, जो इसे सफल बनाने में पूरी तरह जुटे हैं। रिहर्सल के दौरान सरयू घाट पर अनुशासन और भक्ति भाव का अनूठा दृश्य देखने को मिला। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनेंगे। आयोजन का उद्देश्य अयोध्या की आध्यात्मिक महिमा को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है।