दिवाली पर इस बार रिकॉर्ड तोड़ खरीदारी हुई है। अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (CAIT) की रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली 2025 पर देशभर में 6.05 लाख करोड़ रुपए की बिक्री हुई, जिसमें सामान की बिक्री 5.40 लाख करोड़ रुपए और सेवाओं में 65,000 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
CAIT द्वारा तैयार यह रिपोर्ट 60 प्रमुख वितरण केंद्रों, राज्य की राजधानियों और टियर-2 एवं टियर-3 शहरों पर किए गए एक व्यापक सर्वे पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, यह अब तक का भारत के इतिहास में सबसे बड़ा त्योहारी कारोबार है। पिछले साल की तुलना में इस बार 25 प्रतिशत अधिक बिक्री दर्ज की गई।
CAIT महासचिव और दिल्ली के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी दिवाली’ अभियानों का लोगों पर गहरा प्रभाव पड़ा है। इस बार 87% उपभोक्ताओं ने विदेशी सामानों की जगह भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दी, जिससे चीनी वस्तुओं की माँग में भारी गिरावट आई।
CAIT अध्यक्ष बी सी भरतिया के अनुसार, सबसे ज्यादा बिक्री किराना और FMCG (12%), सोना-आभूषण (10%), इलेक्ट्रॉनिक्स (8%) और कपड़ों (7%) की रही। सेवा क्षेत्र ने भी 65,000 करोड़ रुपए की आय अर्जित की, जिसमें हॉस्पिटैलिटी, पैकेजिंग, यात्रा और इवेंट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं का बड़ा योगदान रहा।

