‘100 शहाबुद्दीन भी आ जाएँ तो भी नहीं होगा किसी का बाल भी बाँका’: सीवान में गरजे HM अमित शाह, बोले- घुसपैठियों को तो चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे

बिहार विधानसभा चुनाव में NDA के प्रचार के लिए गृहमंत्री अमित शाह बिहार पहुँचे। वो सीवान जिले के सारण में में एक बड़ी रैली को संबोधित करने आए। सीवान वो जगह है, जो कभी शहाबुद्दीन की वजह से कुख्यात रही। शहाबुद्दीन लालू-राबड़ी के जंगलराज के दौर का बड़ा नाम था, अपराधी और राजनेता। अमित शाह ने रैली में पुराने जंगलराज को याद दिलाया और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सीवान ने 20 साल तक लालू-राबड़ी के जंगलराज को झेला। शहाबुद्दीन के अत्याचारों ने भूमि को लहू से लाल कर दिया। लेकिन सीवान की जनता कभी नहीं झुकी। शहाबुद्दीन पर 75-75 केस थे, दो-दो बार उम्रकैद की सजा मिली। ट्रिपल मर्डर, एसपी ए सिंहल पर हमला, चंद्रशेखर और उनके दो साथियों की हत्या, छोटालाल गुप्ता की हत्या, मुन्ना चौधरी की हत्या – ये तो कुछ उदाहरण हैं। व्यापारियों के बच्चों को तेजाब डालकर जला दिया था। लेकिन जनता ने कभी सरेंडर नहीं किया। NDA और नीतीश कुमार ने 2005 में इस जंगलराज को खत्म कर दिया।

गृहमंत्री शाह ने कहा, “अब शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को RJD ने रघुनाथपुर सीट से टिकट दे दिया। शाह ने कहा, लालू ने खुद ये टिकट दिया है। मैं सीवान की जनता से कहने आया हूँ कि अब मोदी-नीतीश का राज है। 100 शहाबुद्दीन आ जाएँ, तो भी किसी का बाल बाँका नहीं होगा।”

उन्होंने कहा, “आप ओसामा को जीतने मत दो, शहाबुद्दीन की विचारधारा को मत जीतने दो। आपने दिवाली मनाई, छठ मनाएँगे, लेकिन सच्ची दिवाली 14 नवंबर को होगी, जब लालू के बेटे का सूपड़ा साफ हो जाएगा। NDA को अब तक का सबसे बड़ा बहुमत मिलेगा।”

गृह मंत्री शाह ने घुसपैठियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “ये घुसपैठिए शहाबुद्दीन जैसे लोगों की ताकत बन रहे हैं। हमारे लोगों का राशन छीन रहे हैं। देश विरोधी काम कर रहे हैं। मोदी सरकार में हम सब घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालेंगे। बिहार को सुरक्षित रखने के लिए मोदी-नीतीश की जोड़ी जरूरी है।”

उन्होंने कहा, “राहुल बाबा कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने दो। आप लोग बताओ कि घुसपैठियों को यहाँ से भगाना चाहिए या नहीं? मैं वादा करता हूँ कि अभी तो चुनाव आयोग ने SIR किया है, फिर से एक बार एनडीए सरकार ला दो… एक-एक घुसपैठिए को देश से चुन-चुन कर बाहर करने का काम हमारी सरकार करेगी।”

रैली में शाह ने सीवान की धरती को नमन किया। उन्होंने कहा कि ये राजेंद्र बाबू की भूमि है। जो देश के पहले राष्ट्रपति, संविधान सभा के अध्यक्ष, आजादी के आंदोलन के नेता थे। उन्होंने महात्मा गाँधी और मदन मोहन मालवीय के चंपारण सत्याग्रह के दौरान सीवान के दौरे को भी याद किया।

शाह ने युवाओं से अपील की कि लालू-राबड़ी के जंगलराज की विचारधारा के खिलाफ लड़ने की कसम लो। सारण लालू का गढ़ रहा है, यहाँ से जंगलराज की यादें ताजा करनी चाहिए। NDA ने बिहार को अपहरण, फिरौती, हत्या और पलायन से मुक्त किया। अब विकास की राह पर है।