उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार (28 अक्टूबर 2025) तड़के हिंदू किशोरी को प्रेम जाल में फँसाकर भगाने के आरोपित इमरान की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इमरान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस जाँच में खुलासा हुआ है कि इमरान न सिर्फ इस हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, बल्कि एक मुस्लिम युवती की मदद से अन्य हिन्दू लड़कियों को भी फँसा रहा था। बताया जा रहा है कि यह युवती ही हिंदू युवतियों का संपर्क इमरान से कराती थी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने बीते 4 अक्टूबर को लापता हुई छात्रा को बरामद किया और इमरान द्वारा उसके हिजाब पहने फोटो को इंस्टाग्राम पर ‘हैप्पी एनिवर्सरी’ कैप्शन के साथ पोस्ट करने की जानकारी मिली। लड़की के परिजन ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इमरान को पकड़ लिया है जबकि उसकी सहयोगी युवती की तलाश जारी है।

