बिहार विधानसभा चुनाव से पहले गया जिले में बड़ा हंगामा हुआ। टिकारी विधानसभा से NDA प्रत्याशी और हम (HAM) नेता डॉ अनिल कुमार के काफिले पर बुधवार (29 अक्टूबर 2025) शाम जानलेवा हमला हुआ। दिघोरा गाँव में जनसंपर्क के दौरान कुछ लोगों ने उनके काफिले पर पथराव और फायरिंग की। हमले में अनिल कुमार के दाहिने हाथ में चोट आई है, जबकि उनके भाई और कई कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया है।
बिहार को बंगाल बनाने की साजिश!
— Panchjanya (@epanchjanya) October 29, 2025
NDA प्रत्याशी पर जानलेवा हमला!
टेकारी विधानसभा से HAM पार्टी के विधायक व प्रत्याशी अनिल शर्मा पर राजद कार्यकताओं द्वारा जानलेवा हमला। pic.twitter.com/6sSN68iXY3
दिघोरा में जनसंपर्क के दौरान हमला
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार अपने समर्थकों के साथ मलसारी गाँव जा रहे थे। रास्ते में कोच प्रखंड के दिघोरा गाँव में 10–15 युवकों ने उनका काफिला रोक लिया। कुछ देर में भीड़ बढ़ी और अचानक पथराव शुरू हो गया। हमलावरों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और विधायक को बाहर निकालने की कोशिश की।
स्थिति बिगड़ने पर हमलावरों ने गोलियाँ चलाईं। अनिल कुमार ने बताया कि गोली उन्हें जान से मारने के इरादे से चलाई गई थी। बॉडी गार्ड्स ने आत्मरक्षा में छह–सात राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे हमलावर भाग निकले और सबकी जान बच गई।
अनिल कुमार ने कहा कि यह हमला विपक्षी दल के समर्थकों द्वारा कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘RJD समर्थकों की साजिश’ है जो हार के डर से बौखला गए हैं। घटना के बाद टिकारी इलाके में तनाव है, लेकिन स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
कई लोग घायल, वाहन क्षतिग्रस्त
इस हमले में विधायक अनिल कुमार, उनके छोटे भाई मुन्ना कुमार, बीजेपी नेता प्रमोद चंद्रवंशी और रिटायर्ड हेडमास्टर डॉ श्याम किशोर घायल हुए। कई वाहनों के शीशे टूट गए और समर्थकों के मोबाइल व चेन भी छीन लिए गए।
घटना की सूचना पर DM शशांक शुभंकर और SSP आनंद कुमार मौके पर पहुँचे। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। DM ने बताया कि सभी प्रत्याशियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जाँच जारी है।

