‘कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन’: मुजफ्फरपुर में PM मोदी ने बताई राजद-कॉन्ग्रेस की पहचान, छठ पूजा को ‘नौटंकी’ बताने पर लताड़ा

बिहार अब पूरी तरह चुनावी जोश में डूब चुका है। छठ के बाद सियासत ने रफ्तार पकड़ ली है और हर दल ने कमर कस ली है। बिहार चुनाव के मद्देनजर गुरुवार (30 अक्टूबर 2025) NDA अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगा। वहीं एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया। मोतीपुर चीनी मिल मैदान में होने वाली इस रैली से पीएम मोदी 14 विधानसभा क्षेत्रों को साधने की कोशिश करेंगे, जिनमें मुजफ्फरपुर, वैशाली और पूर्वी चंपारण की अहम सीटें शामिल हैं। बताते चलें कि कुछ दिन पहले ही समस्तीपुर में उन्होंने मिथिलांचल की 30 सीटों के मतदाताओं को संबोधित किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर की चुनावी रैली में बिहार के गौरव और संस्कृति का उल्लेख करते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी है, उतनी ही मीठी यहाँ के लोगों की बोली है और यह विशाल जनसैलाब एक बार फिर एनडीए की सुशासन सरकार बनाने का संकेत दे रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि वह बिहार के लोगों का बहुत बड़ा कर्जदार हैं और बिहार के गौरव को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना एनडीए की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने विकसित भारत के लिए विकसित बिहार को बहुत जरूरी बताया।

छठ महापर्व UNESCO की विश्व विरासत में शामिल कराने की कोशिश- PM मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सबसे बड़ा हमला छठ महापर्व के अपमान के मुद्दे पर किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मानवता के इस महापर्व को UNESCO की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के लिए लगातार कोशिश कर रही है, जो हर बिहारी के लिए गर्व का विषय होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी तरफ कॉन्ग्रेस और आरजेडी के लोग वोट पाने के लिए छठी मईया का अपमान कर रहे हैं, और उनके लिए यह पूजा नौटंकी और ड्रामा है।

पीएम ने माताओं-बहनों से भावुक अपील करते हुए कहा कि जो महिलाएँ निर्जला व्रत रखती हैं, क्या वे ड्रामा करती हैं? उन्होंने कहा कि छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।

RJD-कॉन्ग्रेस पर ‘छठ अपमान’ का आरोप

विपक्षी दलों पर हमला जारी रखते हुए, पीएम मोदी ने आरजेडी और कॉन्ग्रेस की पहचान पाँच चीजों से बताई- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने बरसों तक बिहार पर राज किया, लेकिन सिर्फ विश्वासघात दिया। पीएम मोदी ने कहा कि जहाँ कट्टा, क्रूरता और कुशासन का राज हो, वहाँ कानून दम तोड़ देता है, विकास रुक जाता है, और गरीब का हक लूट जाता है।

पीएम मोदी ने सवाल किया कि जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का हो, वो उद्योग को जमीन देंगे क्या और जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएँगे क्या? PM मोदी ने आरजेडी के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए 2001 के गोलू अपहरण कांड जैसी खौफनाक घटनाओं का जिक्र किया, जहाँ एक बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि RJD-कॉन्ग्रेस कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।

दो भ्रष्ट युवराज नेता जमानत पर चल रहे- PM मोदी

PM मोदी ने दो युवराज नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनावी संग्राम में दो युवराजों ने झूठे वादों की दुकानें खोल दी हैं- एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार का और दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का।

पीएम ने कहा कि ये दोनों जमानत पर चल रहे हैं और उन्होंने मोदी को भर-भर कर गालियाँ दी हैं। पीएम ने कहा कि जो नामदार हैं, वे कामदार को गाली देंगे ही, क्योंकि उन्हें एक पिछड़ा, गरीब घर से निकला व्यक्ति का यहाँ पहुँचना बर्दाश्त नहीं होता। अंत में, पीएम ने लोगों से ‘पहले मतदान-फिर जलपान‘ की अपील करते हुए NDA को महाविजय दिलाने का आह्वान किया।