हिंदू युवती के बालिग होते ही धर्मांतरण कर निकाह का दबाव बनाने लगा अरबाज, पीड़िता ने जहर खाकर दी जान: MP के खंडवा में सड़क पर उतरे स्थानीय लोग

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के हरसूद क्षेत्र में एक अनुसूचित जाति की युवती ने अरबाज की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर खुद की जान ले ली। अरबाज कई सालों से उसपर धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव बना रहा था। परिवार ने लव जिहाद का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार का कहना है कि अरबाज युवती के नाबालिग होने के समय से ही उसके पीछे पड़ा हुआ था और उसे प्रेमजाल में फँसाने की कोशिश करता था। बालिग होने के बाद उसने उस पर निकाह का दबाव बनाना शुरू किया।

युवती उसके दबाव और धमकियों से बेहद परेशान रहती थी। अरबाज उसे फोन और मैसेज के जरिए लगातार तंग करता था। अरबाज और उसके घरवालों ने युवती की अश्लील फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। इन सब के चलते जिस युवक से उसकी शादी तय हुई थी, उससे भी रिश्ता टूट गया।

मानसिक रूप से टूट चुकी युवती से मंगलवार (28 अक्टूबर 2025) की रात एक बार फिर अरबाज और उसके घरवालों ने मारपीट की। घर लौटने के बाद उसने जहर खा लिया। परिवारवालों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया, लेकिन बुधवार (29 अक्टूबर 2025) की रात उसने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद भीड़ ने किया चक्काजाम

युवती की मौत की खबर लगते ही हरसूद में माहौल बिगड़ गया। सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपित की गिरफ्तारी की माँग करते हुए थाने का घेराव किया। गुस्साई भीड़ ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम किया और कहा कि जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस प्रशासन हरकत में आया। डीएसपी, एसडीएम और थाना प्रभारी मौके पर पहुँचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। बाद में प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आरोपित पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात बातचीत के बाद लोगों ने धरना समाप्त किया।

पुलिस ने आरोपित अरबाज के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 और IPC की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल वह फरार है और उसकी तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और प्रशासन सतर्क है।