‘महागठबंधन में 3 बंदर- पप्पू, टप्पू और अप्पू’: बिहार के दरभंगा में गरजे UP के CM योगी, कहा- जो राम का विरोधी है, वो हमारा भी विरोधी

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (3 नवंबर 2025) को दरभंगा पहुँचे, जहाँ उन्होंने केवटी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में योगी ने कॉन्ग्रेस, राजद और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। संबोधन के दौरान सीएम योगी ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि महागठबंधन में अब तीन बंदर हैं, पप्पू, टप्पू और अप्पू।

सीएम योगी ने जनता से कहा, “आप ने गाँधी जी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा। गाँधीजी ने उनको उपदेश दिया था कि बुरा मत बोलो, बुरा मत सुनो और बुरा मत देखो। अब महागठबंधन में तीन बंदर आ गए, जो पप्पू, टप्पू और अप्पू के नाम पर है। पप्पू अच्छा बोल नहीं सकता, टप्पू अच्छा देख नहीं सकता और अप्पू सच सुन नहीं सकता। इसी लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं।”

जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी जब भी कहीं जाते हैं भारत के खिलाफ बोलते हैं। सीएम ने कहा, “ये तीन बंदरों की जोड़ी बिहार खानदारी माफियाओं को गले लगाकर बिहार की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं।”

जो राम का विरोधी वो हमारा भी विरोधी: सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि कॉन्ग्रेस और उसके सहयोगी दल उत्तर प्रदेश में भी राम विरोध की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा, “जो राम का विरोधी है, वह हमारा भी विरोधी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कॉन्ग्रेस ने राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया था, वहीं राजद ने राम मंदिर की रथयात्रा को रोकने का प्रयास किया और समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जब भी आरजेडी और कॉन्ग्रेस सत्ता में आते हैं तो बिहार जलने लगता है। हम अपने बॉर्डर वाले शहरों से घुसपैठियों को बाहर निकाल देंगे, ठीक वैसे ही जैसे हमने आर्टिकल 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर से पाकिस्तानी तत्वों को हटाया था।”

अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा “राजद के शासन में गरीबों का राशन लूट लिया जाता था, लेकिन आज 8 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।” अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने ‘बँटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो नेक रहेंगे’ का नारा लगाया।