रुखसार ने हिंदू प्रेमी के साथ शादी के लिए की घर वापसी, सनातन अपनाकर बोली- ‘हिंदू धर्म में महिलाओं का सम्मान होता है’

मध्य प्रदेश के धार जिले की रहने वाली रुखसार ने मंगलवार (4 नवंबर 2025) को सनातन धर्म अपनाकर वंशिका नाम रख लिया और खंडवा के विशाल राजपूत से शादी कर ली। वंशिका ने महादेवगढ़ मंदिर में वैदिक रीति-रिवाजों से शादी की और श्री रामचरितमानस को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया है।

जानकारी के अनुसार, वंशिका ने बताया कि उनकी रुचि सनातन धर्म में बचपन से ही थी। वह घर में बिंदी लगाती थीं और नवरात्रि में माता के दर्शन भी करने जाती थीं। जब परिवार ने 27 नवंबर को रुखसार का निकाह तय कर दिया, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। वंशिका ने कहा, “मुझे हिंदू धर्म में शादी करनी थी, क्योंकि इस धर्म और जाति के लोग महिला का सम्मान करते हैं और उसे देवी मानते हैं।”

परिवार के न मानने पर रुखसार ने सोशल मीडिया पर बने दोस्त विशाल राजपूत से शादी का फैसला किया। वंशिका ने जोर देकर कहा कि उन्होंने यह धर्म परिवर्तन बिना किसी डर या दबाव के अपनी इच्छा से किया है। विशाल जो खुद एक किसान हैं, उन्होंने कहा कि वंशिका ने अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाया है और उनका परिवार उन्हें स्वीकार कर चुका है। शादी में हिंदूवादी नेता अशोक पालीवाल भी शामिल हुए।