जहाँ एक भी मुस्लिम परिवार नहीं, वहाँ अंजुम खान के नाम से बना डाला फर्जी जन्म प्रमाण पत्र: MP के छतरपुर पंचायत में सचिव का कारनामा, निलंबित

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नौगाँव जनपद पंचायत के एक सचिव ने सैकड़ों फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए। खुलासा होने पर जिला प्रशासन ने सचिव को तत्काल निलंबित कर जाँच टीम गठित कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मामला नौगाँव जनपद पंचायत की महतौल ग्राम पंचायत का है। यहाँ पदस्थ सचिव प्रेमनंद रैकवार पर आरोप है कि उन्होंने अपने सवा साल के कार्यकाल में 1134 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए, जिनमें कई फर्जी पाए गए। जिला पंचायत सीईओ नमःशिवाय अरजरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव को निलंबित कर जनपद सीईओ कार्यालय से अटैच कर दिया है।

इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब इंदौर के अधिवक्ता सुभाष पंचाल एक विवाह मामले की जाँच के सिलसिले में छतरपुर पहुँचे। उन्होंने बताया कि इंदौर निवासी रिहान की पत्नी अंजुम खान का जन्म प्रमाण पत्र महतौल पंचायत से जारी बताया गया, जबकि उस क्षेत्र में कोई मुस्लिम परिवार रहता ही नहीं है।

दस्तावेजों की जाँच में पाया गया कि अंजुम का जन्म प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी था और तहसीलदार की अनुमति के बिना जारी किया गया था। प्रशासन ने जाँच के लिए एसडीएम गोपाल पटेल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है, जो सात दिनों में रिपोर्ट सौंपेगी।