फुरकान ने हिंदू लड़की पर धर्म परिवर्तन-निकाह का बनाया दबाव, अम्मी रिजवाना संग पीड़िता के परिवार को पीटा: चेहरा बिगाड़ने की दी धमकी, लखनऊ का मामला

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 23 वर्षीय हिंदू युवती पर पड़ोसी फुरकान और उसकी अम्मी रिजवाना ने धर्म परिवर्तन और जबरन निकाह का दबाव बनाया है। पीड़िता ने दोनों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि फुरकान ने उसे धमकी दी कि अगर निकाह नहीं किया तो युवती का चेहरा बिगाड़ देगा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शिकायत में पीड़िता ने बताया कि फुरकान लंबे समय से उसे प्रेमजाल में फँसाने की कोशिश कर रहा है और बार-बार उस पर धर्मांतरण कर निकाह करने का दबाव डालता है। जब युवती ने साफ कहा कि वह हिंदू धर्म में रहकर परिवार की रजामंदी से ही शादी करेगी तो फुरकान और उसकी अम्मी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।

यहाँ तक कि 25 अक्टूबर 2025 की शाम करीब साढ़े छह बजे फुरकान अपनी अम्मी रिजवाना के साथ युवती के घर पहुँच गया और हंगामा खड़ा कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने युवती, उसके पिता और भाई की पिटाई कर दी। जब युवती की माँ बीच में आईं तो उन्हें भी मारा गया। फुरकान और उसकी अम्मी ने जाते-जाते युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी तक दी।

पीड़िता का कहना है कि फुरकान इससे पहले भी कई बार उसके ऑफिस पहुँचकर गाली-गलौज और हाथापाई कर चुका है। वह उसे धमकी देता था कि अगर उसने निकाह से इनकार किया, तो उसका चेहरा बिगाड़ देगा। युवती ने पुलिस को फुरकान के धमकी भरे ऑडियो क्लिप भी सौंपे हैं। युवती की शिकायत पर चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जाँच के लिए टीम गठित की गई हैं।