जर्मनी में नर्स ने बुजुर्गों को काम से बचने के लिए लगाया मौत का इंजेक्शन, 10 की गई जान: अदालत ने उम्रकैद देकर कहा- निर्मम हत्यारा

जर्मनी में एक नर्स को अपने बुजुर्ग मरीजों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। यह नर्स मरीजों की देखभाल से बचने के लिए उन्हें जानलेवा इंजेक्शन दे देता था। पश्चिमी जर्मनी के आखेन शहर की अदालत ने 44 साल की नर्स को 10 मरीजों की हत्या और 27 अन्य की हत्या की कोशिश के मामले में आजीवन कारावास की सजा दी है।

यह सजा ऐसी है जिसमें 15 साल बाद भी रिहाई का कोई विकल्प नहीं होगा। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसने दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच वुर्सेलन स्थित एक अस्पताल में ये अपराध किए।

नर्स पर आरोप है कि वह रात की ड्यूटी में आराम करना चाहता था, इसलिए उसने मरीजों को मॉर्फिन और मिडाजोलम जैसी दवाओं की घातक खुराक दी। अदालत ने कहा कि उसने खुद को जीवन और मृत्यु का स्वामी समझ लिया था।

अभियोजकों के अनुसार, आरोपित में सहानुभूति की कमी थी और वह अपने काम को बिना उत्साह और प्रेरणा के करता था। मुकदमे के दौरान उसने अपने अपराधों पर कोई पछतावा नहीं दिखाया। अधिकारियों ने बताया कि कई और शवों को जाँच के लिए कब्र से निकाला जा रहा है, जिससे उसके खिलाफ एक और मुकदमा चल सकता है।