तुर्की ने शुक्रवार (7 नवंबर 2025) को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनके कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ ‘जातीय नरसंहार’ और ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इस्तांबुल के मुख्य सार्वजनिक अभियोजक कार्यालय ने कुल 37 लोगों के खिलाफ ये वारंट जारी किए हैं, जिनमें रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर और सेना प्रमुख एयाल जामीर भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, अभियोजक कार्यालय का कहना है कि इजरायल गाजा पट्टी में नागरिकों को व्यवस्थित रूप से निशाना बना रहा है। तुर्की की ओर से यह कदम तब उठाया गया है जब कई मुस्लिम-बहुल देशों ने गाजा के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल की संभावनाओं पर चर्चा की।
इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार ने तुर्की के इस कदम को ‘प्रचार का हिस्सा‘ बताया, वहीं हामस ने इसे तुर्की के समर्थन के रूप में सराहा। तुर्की के इस कदम ने गाजा के लिए अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल के गठन पर सवाल उठाए हैं, जिस पर अभी भी चर्चा जारी है।

