‘ईसाई बनोगे तो मिलेंगे ₹1 लाख’ : UP के बागपत में हिंदू लड़की को फँसाकर गाँव में धर्मांतरण कराने घुसे थे मिशनरी, खुलासा होने पर 2 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित खिंदोड़ा गाँव में धर्मांतरण का रैकेट सामने आया है। यहाँ दिल्ली और झारखंड से आए कुछ लोगों ने गाँव में ईसाई से प्रेरित भाषण दिए और ग्रामीणों को जबरन धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया। लेकिन हिंदू संगठन बजरंग दल ने इसका विरोध किया।

बजरंग दल कार्यकर्ता विनोद कुमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इन लोगों के खिलाफ यूपी धर्मांतरण कानून के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, झारखंड के रोहित श्रीवास्तव और पूजा श्रीवास्तव ने फेसबुक पर गाँव की हिंदू युवती ललिता से दोस्ती की। इसके बाद गाँव पहुँचकर यहाँ लोगों से भी जान-पहचान बढ़ाई।

FIR के मुताबिक, आरोपितों ने ग्रामीणों को धर्म परिवर्तन के बदले एक लाख रुपए देने का लालच देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही हिंदू धर्म के प्रति भ्रम भी फैलाया गया था। ये लोग गाँव में सामूहिक आयोजन कर धर्म परिवर्तन से जुड़े ‘आशीर्वाद’ और ‘सुख-समृद्धि’ के नाम पर प्रचार कर रहे थे।

वहीं पुलिस को शक है कि यह संगठित गिरोह हो सकता है, जो ग्रामीणों को लालच देकर ईसाई बनाने का काम कर रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जाँच में जुट गई है।