एप्सटीन फाइल्स होंगी सार्वजनिक, अमेरिकी सीनेट में पहुँचा बिल: यौन शोषण के आरोपित की 2019 में न्यूयॉर्क जेल में हुई थी मौत, ट्रंप संग संबंधों का शक

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने मंगलवार (19 नवंबर 2025) को एक महत्वपूर्ण बिल पास किया है। इस बिल के तहत न्याय विभाग को जेफ्री एप्सटीन से जुड़े गोपनीय दस्तावेज सार्वजनिक करने होंगे। एप्सटीन एक दोषी यौन अपराधी था, और उसके नेटवर्क तथा संबंधों को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। यह बिल अब सीनेट को भेजा गया है, जहाँ आगे की प्रक्रिया होगी।

बिल भारी बहुमत से पास हुआ। 427 सांसदों ने समर्थन किया और केवल एक ने विरोध। विरोध करने वाले सांसद क्ले हिगिंस हैं, जो लुइजियाना से रिपब्लिकन हैं और ट्रंप के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि वही उस सबकमेटी के अध्यक्ष भी हैं जिसने न्याय विभाग को एप्सटीन की फाइलें सौंपने के लिए समन जारी किया था।

एप्सटीन अमेरिका में कम उम्र लड़कियों के जरिये नामचीन लोगों से संपर्क कायम करता था और लाभ उठाता था। ट्रंप और एप्सटीन पहले करीबी थे और कई बार साथ में तस्वीरें खिंचवाई गईं। लेकिन ट्रंप का दावा है कि उन्होंने 2008 में एप्सटीन की सजा से पहले ही उससे दूरी बना ली थी, क्योंकि दोनों के बीच एक रियल एस्टेट विवाद हुआ था। एप्सटीन की 2019 में न्यूयार्क की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले इस मामले की फाइलें खोलने का विरोध किया था, लेकिन अब उन्होंने अपना रुख बदल लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन सांसदों से कहा कि फाइलें सार्वजनिक की जाएँ क्योंकि उनकी पार्टी को छिपाने के लिए कुछ नहीं है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि एप्सटीन का संबंध अधिकतर डेमोक्रेट नेताओं से था और यह मामला रिपब्लिकन पार्टी की उपलब्धियों से ध्यान न भटकाए।

इस बीच, हाउस ओवरसाइट कमेटी ने पहले ही एप्सटीन की संपत्ति से जुड़े हजारों ईमेल और दस्तावेज जारी किए हैं। इनमें उसके संबंध वैश्विक नेताओं, वॉल स्ट्रीट के बड़े निवेशकों, प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों और ट्रंप तक से जुड़े दिखाए गए हैं।

ब्रिटेन में भी इसके लेकर दबाव बढ़ा, जिसके चलते किंग चार्ल्स III ने अपने भाई प्रिंस एंड्रयू को शाही उपाधियों से वंचित कर दिया और उन्हें राजमहल से निकाल दिया, क्योंकि उनका नाम एप्सटीन से जुड़ा था।

एप्सटीन के शोषण से बचे लोग इस कदम को जवाबदेही की दिशा में एक बड़ा कदम मान रहे हैं। उनका कहना है कि कई प्रशासन की विफलताओं के बाद अब कॉन्ग्रेस की कार्रवाई उन्हें न्याय दिलाने की उम्मीद देती है। मंगलवार सुबह कई पीड़ित कैपिटल बिल्डिंग के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने अपने किशोरावस्था की तस्वीरें हाथों में लेकर अपनी कहानियाँ साझा कीं।