पंजाब में RSS नेता के बेटे की हत्या का मास्टरमाइंड जतन काला एनकाउंटर में घायल, भागने की कोशिश में की फायरिंग: फिरोजपुर पुलिस ने दबोचा

पंजाब के फिरोजपुर जिले में RSS नेता बलदेव कृष्ण अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की हत्या के मुख्य आरोपित जतन उर्फ जतन काली उर्फ गुरसिमरन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम उसका पीछा कर रही थी, तभी उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसकी गोलियाँ पुलिस की गाड़ी के फ्रंट शीशे पर लगीं, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें जतन के पैर में तीन गोलियाँ लगीं और वह अपनी बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तुरंत पकड़ा और इलाज के लिए फिरोजपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पास से 32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की गई है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

पुलिस ने बताया कि नवीन अरोड़ा हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। एक दिन पहले ही इस गिरोह के दो सदस्यों हर्ष और कनव को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या का मास्टरमाइंड जतन मोटरसाइकिल पर शहर में घूम रहा है, जिस पर पुलिस ने नाकाबंदी की। रोकने का संकेत देने पर जतन ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।

पुलिस का कहना है कि ठीक होने के बाद जतन से पूछताछ की जाएगी ताकि पता लगाया जा सके कि हत्या की साजिश किस कारण और किन लोगों के साथ मिलकर रची गई। इस हत्याकांड में शामिल बादल और एक अन्य संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

फिरोजपुर के मोची बाजार इलाके में शनिवार (15 नवंबर 2025) की शाम RSS के वरिष्ठ नेता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नवीन अपनी मनियारी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी यूको बैंक के पास दो हमलावरों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियाँ दाग दीं। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

punjab firozpur rss leader son murder mastermind jatan kaala injured encounter arrested