दुकान बंद करके घर जा रहा था RSS नेता का बेटा, हमलावरों आए और सीने पर गोली मारकर हुए फरार: तुरंत मौत, पंजाब के फिरोजपुर में ‘टारगेट किलिंग’ की घटना

पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार (15 नवंबर 2025) की रात RSS के वरिष्ठ नेता बलदेव राज अरोड़ा के पुत्र नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नवीन मोची बाजार में मनियारी की दुकान चलाते थे और घटना के दिन रात को दुकान बंद करके घर लौट रहे थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूको बैंक के पास बीच बाजार में दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके सिर में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमला होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जाँच में यह मामला टार्गेट किलिंग का लग रहा है। हमलावर वारदात के बाद बाण बाजार की ओर फरार हो गए। पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनकी पहचान का प्रयास कर रही है।

घटना से शहर में दहशत फैल गई और व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध जताया। भाजपा नेताओं ने भी सड़क पर उतरकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। फिलहाल पुलिस ने पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया है, नाकाबंदी कर दी गई है और कई टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई हैं।