पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े गैंगस्टर-टेरर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों ने गोलियाँ चला दीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपितों के पास से चीनी 86P हैंड ग्रेनेड और अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। इस गिरोह का कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई गैंग और मुंबई में सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले आरोपित के भाई से भी जुड़ा है।
पुलिस ने गोलीबारी के बाद दो आतंकियों को दबोचा
लुधियाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध शहर में घूम रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपितों ने तुरंत गोलियाँ चलानी शुरू कर दीं। पुलिस कमिश्नर स्वापन शर्मा ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें दोनों आरोपित घायल हो गए और उन्हें काबू कर लिया गया।
आरोपितों के पास से दो चीनी 86P हैंड ग्रेनेड, पाँच अत्याधुनिक पिस्टल और 40 से ज़्यादा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इन आरोपितों को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर वर्चुअल नंबर के जरिए निर्देश देते थे। इनका मुख्य काम था अलग-अलग जगहों पर ग्रेनेड फेंककर दहशत फैलाना।
सलमान खान के घर पर फायरिंग वाले आरोपित से लिंक
पुलिस ने बताया कि इस टेरर मॉड्यूल के तीन सदस्य पहले भी पंजाब, हरियाणा और बिहार से गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जाँच में पता चला है कि इन आरोपितों में से एक का कनेक्शन पवन नाम के व्यक्ति से है, जो हैरी का भाई है।
हैरी वही आरोपित है जिसने हाल ही में मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग की थी। इसके अलावा, इस गैंग की तारें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से भी जुड़ती हुई नजर आई हैं। पुलिस ने जोधेवाल थाना में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य लिंक और उनके ISI कनेक्शन की गहराई से जाँच कर रही है।

