आतंकी डॉक्टर घर पर आटा-चक्की में पीसता था विस्फोटक, मशीन की तस्वीर सामने आई: आप भी देखें

दिल्ली कार ब्लास्ट के आरोपित डॉक्टर मुजम्मिल अहमद गनई ने फरीदाबाद के गाँव ढोज में अपने किराए के घर में चुपचाप एक बड़ी आतंकी साजिश रची थी। उसने घर के भीतर रखी एक साधारण आटा-चक्की को खतरनाक केमिकल वर्कशॉप में बदल दिया था।

जाँच एजेंसियों को तस्वीरें मिली हैं, जो बताती हैं कि मुजम्मिल अहमद विस्फोटक तैयार करने की कितनी बड़ी तैयारी में लगा था। अधिकारियों का मानना है कि इस आटा-चक्की का इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले ठोस रसायनों को बारीक पाउडर में बदलने के लिए किया जा रहा था।

आटा चक्की को बनाया विस्फोटक वर्कशॉप

जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के गाँव ढोज में डॉक्टर मुजम्मिल के घर के अंदर आतंकवाद की एक खामोश तैयारी चल रही थी। सामने आई तस्वीरों में एक साधारण आटा चक्की और उसके साथ लगा बिजली का मैकेनिज्म दिखाई देता है। यह मशीन आमतौर पर अनाज पीसने के काम आती है।

जाँच एजेंसियों को आशंका है कि मुजम्मिल इसके भारी रोलर्स और ब्लेड्स का इस्तेमाल ठोस रासायनिक पदार्थों को बारीक पाउडर में बदलने के लिए कर रहा था। इस तरह के पाउडर का उपयोग कई तरह की खतरनाक विस्फोटक रासायनिक प्रतिक्रियाओं में होता है। इससे पता चलता है कि वह बड़े पैमाने पर तबाही का सामान तैयार करने की साजिश में लगा हुआ था।

ब्लास्ट से एक दिन पहले मिला अमोनियम नाइट्रेट

दिल्ली में 10 नवंबर 2025 को हुए धमाके से ठीक एक दिन पहले एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में लगभग 2,600 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट एक सुनसान जगह पर एक मौलवी के घर में रखा हुआ दिखा था।

जाँच अधिकारियों का मानना है कि अमोनियम नाइट्रेट का यह विशाल स्टॉक इस आतंकी मॉड्यूल का एक अहम हिस्सा था। यह वही जगह थी जहाँ डॉक्टर मुजम्मिल ने महज ₹1,500 रुपए महीने के किराए पर एक कमरा लिया हुआ था।