इकबाल अहमद ने झाड़-फूँक के बहाने लूटे सोने के जेवर और नकदी, परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने दबोचा: UP के गोरखपुर का मामला

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गगहा थाना क्षेत्र में झाड़-फूँक और तंत्र-मंत्र का झाँसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोला थाना क्षेत्र के चकमहेशपुर निवासी इकबाल अहमद के रूप में हुई है।

मामला तब सामने आया जब श्रीरामपुर, रियांव निवासी रामबूझ यादव ने थाने में शिकायत दी कि बीते गुरुवार (20 नवंबर 2025) की सुबह करीब 10 बजे दो अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से उनके घर पहुँचे। दोनों ने खुद को झाड़-फूंक करने वाला बताया और उन्हें व उनकी पत्नी सुमित्रा को भरोसे में ले लिया।

इसी बहाने ठगों ने महिला का सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की ज्यूतिया और 1500 रुपए नकद ले लिए। पूजा-पाठ पूरा करने का बहाना कर दोनों आरोपित वहाँ से भाग निकले और काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटे। शक होने पर पीड़ित दंपत्ति सीधे थाने पहुँचे और लिखित शिकायत दी।

तहरीर मिलते ही पुलिस टीम गठित कर पड़ताल शुरू की गई। आसपास के CCTV फुटेज खंगालने पर मुख्य आरोपित इकबाल अहमद की पहचान हो गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से सोने का मंगलसूत्र, एक ज्यूतिया और 2050 रुपए बरामद किए।

जाँच में पता चला कि आरोपित पर ठगी, चोरी, फर्जीवाड़ा और मारपीट सहित पाँच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।