राबड़ी देवी को 20 साल बाद छोड़ना पड़ेगा 10 सर्कुलर रोड का शानदार बंगला, 39 हार्डिंग रोड अब नया ठिकाना: JDU का तंज- ‘इस बार टोटी न खोलें’

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी आवासों की नई व्यवस्था ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को झटका दिया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की नेता और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित अपना पुराना आधिकारिक बंगला खाली करना होगा। भवन निर्माण विभाग ने उन्हें नया आवास 39 हार्डिंग रोड आवंटित किया है।

यह बदलाव मंगलवार (25 नवंबर 2025) को मंत्रियों और विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए किए गए आवास आवंटन का हिस्सा है। विभाग के संयुक्त सचिव-सह-भू-सम्पदा पदाधिकारी शिव रंजन ने औपचारिक आदेश जारी किया। राबड़ी देवी को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत पुराने आवास को खाली कर नए स्थान पर शिफ्ट हों।

20 साल से अधिक समय तक राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड का यह बंगला अपने नाम से एलॉट रखा था। RJD के शासनकाल में यह उनका प्रमुख निवास था। अब नई एनडीए सरकार ने सभी पदधारकों के लिए पदानुसार आवास सुनिश्चित करने का फैसला लिया है।

आधिकारिक पत्र

इस बदलाव पर JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा, “अगर राबड़ी देवी को आवास खाली करने का आदेश हुआ है, तो उन्हें तुरंत पालन करना चाहिए। उम्मीद है कि इस बार वे अपने परिवार के ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ की तरह सरकारी संपत्ति की चोरी या नुकसान नहीं करेंगी।”

नीरज कुमार ने हास्य के साथ जोड़ते हुए कहा, “इस बार राबड़ी देवी बाथरूम से टोटी भी नहीं खोलेंगी, क्योंकि हमारी पार्टी इस पूरे बदलाव पर पैनी नजर रखेगी।” यह बयान पड़ोसी राज्य की पिछली सरकार में आवास खाली करने के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की घटनाओं पर इशारा करता है।